मॉडल को कार से मारी जोरदार टक्कर, बिना किसी डर के कुचलने का किया प्रयास, मुंबई से सामने आया खौफनाक वीडियो
मुंबई के ओशिवारा इलाके में एक महिला को कार से कुचलने की कोशिश करने का मामला सामने आया है. घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मुंबई: अंधेरी पश्चिम स्थित लोखंडवाला इलाके से एक बेहद डरावनी और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक 29 साल के युवक ने खुलेआम एक महिला मॉडल को कार से कुचलकर मारने की कोशिश की. यह पूरी घटना लोखंडवाला की एरेना बिल्डिंग के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी कितनी बेरहमी और गुस्से में महिला पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश करता है.
जानकारी के अनुसार, घटना के समय महिला बिल्डिंग के गेट के पास मौजूद थी. तभी आरोपी अपनी कार लेकर वहां पहुंचा और अचानक तेज रफ्तार में गाड़ी को महिला की ओर मोड़ दिया. पहली टक्कर के बाद महिला किसी तरह खुद को संभाल पाई और कार के पीछे भागी, लेकिन आरोपी यहीं नहीं रुका.
मॉडल को कुचलने का किया प्रयास
उसने गाड़ी को पीछे किया और दोबारा महिला को कुचलने की कोशिश की. इस दौरान वहां मौजूद स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत हरकत में आए. उन्होंने शोर मचाया और बिल्डिंग का गेट बंद कर दिया, जिससे महिला की जान बच सकी. हालांकि, आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब हो गया.
हमला अचानक नहीं हुआ
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हमला अचानक नहीं हुआ था. आरोपी और पीड़िता के बीच पिछले करीब नौ महीनों से विवाद चल रहा था. आरोपी की पहचान मोहम्मद शेख के रूप में हुई है. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी लंबे समय से उसके और उसके परिवार के खिलाफ गलत बातें और अफवाहें फैला रहा था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार झगड़े भी हो चुके थे.
डराने वाला संदेश मिला
घटना से कुछ दिन पहले महिला अपनी एक सहेली के साथ आरोपी के घर इस मामले पर बात करने गई थी, लेकिन आरोपी ने दरवाजा नहीं खोला. इसके अगले ही दिन पीड़िता की सहेली को सोशल मीडिया ऐप स्नैपचैट पर एक डराने वाला संदेश मिला, जिसमें एसिड अटैक करने की धमकी दी गई थी.
आरोपी मौके से हुआ फरार
घटना को अंजाम देने के बाद कार चालक तुरंत वहां से भाग निकला. सीसीटीवी में उसकी काली कार साफ नजर आ रही है. पुलिस उसी फुटेज के आधार पर आरोपी और वाहन की पहचान करने की कोशिश कर रही है.
पुलिस जांच में जुटी
ओशिवारा पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है. पुलिस टीम आसपास के इलाकों में लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. आरोपी की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है.
और पढ़ें
- बड़ा विमान हादसा टला! तुर्की एयरलाइंस की कोलकाता में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग, 236 यात्रियों की सांसे अटकी
- 'लोकसभा में PM मोदी पर हो सकता था हमला', मनोज तिवारी का सनसनीखेज दावा, जानें विपक्षी महिला सांसदों पर क्या लगाया आरोप?
- बेड के बॉक्स में बंद मिली 12 साल की नाबालिग, 6 साल से बना रखा था घरेलू नौकर, वीडियो में देखें हैवानियत की हद