Budget 2026

प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने पति को उतारा मौत के घाट, फिर 'दृश्यम' स्टाइल में ऐसे छिपाई लाश, जानें कैसे हुआ पर्दाफाश?

महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक ऐसा हत्याकांड सामने आया है, जो बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म 'दृश्यम' के एक दृश्य की याद दिलाता है.

x
Garima Singh

Palghar murder case: महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक ऐसा हत्याकांड सामने आया है, जो बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म 'दृश्यम' के एक दृश्य की याद दिलाता है. इस मामले में एक 28 साल की महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी और शव को अपने ही घर के फर्श के नीचे दफना दिया. इस सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है.

मुंबई से करीब 70 किलोमीटर दूर, नालासोपारा पूर्व के गडगापाड़ा इलाके में रहने वाला 35 वर्षीय विजय चव्हाण पिछले 15 दिनों से लापता था. विजय अपनी पत्नी कोमल चव्हाण के साथ रहता था. उसकी गैरमौजूदगी ने परिवार और पड़ोसियों को चिंतित कर दिया था. विजय का भाई लगातार उसकी तलाश में जुटा हुआ था, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल रहा था.

फर्श की टाइलों ने खोला राज

सोमवार की सुबह विजय का भाई उसके घर पहुंचा. वहां उसने देखा कि फर्श पर लगी कुछ टाइलें बाकी टाइलों से रंग में अलग  थीं. शक होने पर उसने उन टाइलों को हटाया, तो नीचे एक बनियान दबी हुई मिली और तेज दुर्गंध आने लगी. "हमें तुरंत कुछ गड़बड़ होने का अंदेशा हुआ," विजय के भाई ने बताया. इसके बाद उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया.

पुलिस ने खोजा शव, शुरू हुई जांच

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फर्श की खुदाई की, जहां उनका सबसे बड़ा डर सच साबित हुआ. टाइल्स के नीचे विजय चव्हाण का शव दबा हुआ था. पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और प्रारंभिक जांच में पता चला कि विजय की हत्या उसकी पत्नी कोमल ने की है. पुलिस को शक है कि कोमल ने अपने पड़ोसी और कथित प्रेमी मोनू के साथ मिलकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया.

प्रेमी जोड़ा फरार, पुलिस तलाश में जुटी

पुलिस के अनुसार, कोमल और मोनू पिछले दो दिनों से फरार हैं. दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है, और अब वे इस हत्याकांड के मुख्य संदिग्ध हैं. पुलिस ने दोनों की तलाश में कई टीमें गठित की हैं और आसपास के इलाकों में छापेमारी शुरू कर दी है.