आइसक्रीम में थी किसकी उंगली, कहां बनी, किसने बनाया? मिल गए सारे सवालों के जवाब

एक शख्स ने ऑनलाइन आइसक्रीम ऑर्डर किया था. वह जब उसे खाने बैठा तो उसके अंदर से इंसान की उंगली मिली. ये घटना मुंबई के मलाड इलाके की है. पुलिस ने उंगली को फोरेंसिंक जांच के लिए भेज दिया है. ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये उंगली आइसक्रीम में कैसे आई.

Social Media
India Daily Live

खाने-पीने के सामान में मक्खी, मच्छर और कॉक्रोज मिलना हमारे देश में आम बात है. यहां तक के खाने में कई बार छिपकली भी पड़ी मिलती है. लेकिन किसी इंसान की उंगली खाने में मिले तो हड़कंप मचना लाजमी हैं. मुंबई के मलाड में खाने में इंसान की उंगली का हिस्सा मिला है. दरअसल एक डॉक्टर ने ऑनलाइन आइसक्रीम ऑर्डर किया था, जिसमें उंगली का हिस्सा था. मलाड पुलिस ने उंगली को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा और गुरुवार को आइसक्रीम ब्रांड, युम्मो के प्रबंधकीय कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. 

पुलिस मामले की जांच करने में जुटी है. आइसक्रीम में इंसान की उंगली कहां से आई. इसे लेकर कई तरह के कयास लगाय जा रहे हैं. कोई कह रहा है कि दुर्घटना के शिकार व्‍यक्ति की उंगली को बर्फ में रखा गया होगा, जो बाद में आइसक्रीम में आ गई. या फिर कोई और कारण हो सकता है. पुलिस ने कहा कि ऐसा हो सकता है कि पैकेजिंग के दौरान इसके आइसक्रीम में मिलने की संभावना है.

आइसक्रीम खाते समय मुंह में आ गई उंगली

जिस शख्स की आइसक्रीम में उंगली मिली है वह मुंबई का रहने वाला है. उनका नाम ब्रेंडन फेराओ है. ब्रेंडन ने पुलिस को बताया कि उसने ऑनलाइन ऐप से तीन युम्मो मैंगो आइसक्रीम का ऑर्डर दिया था. ये ऑर्डर सुबह करीब 10 बजे मेरे पास पहुंच. डिलीवरी वाले लड़के ने मुझे तीन की जगह गो ही आइसक्रीम दी. एक बटरस्कॉच आइसक्रीम ले आया, जो ऑर्डर के मुताबिक नहीं थी. दोपहर में खाने के बाद मैंने बटरस्कॉच आइसक्रीम कोन खोला. खाते समय उसे अपने मुंह में कुछ अजीब-सा महसूस हुआ. मैंने उसे थूका तो पता चला कि ये एक इंसान की उंगली है. उसने बताया कि उंगली में नाखून भी लगा हुआ था. 

आइसक्रीम कंपनी से की शिकायत 

ब्रेंडन फेराओ इसके बाद से सदमे में हैं. उन्होंने कहा कि मैं सोचकर भी घबरा जा रहा हूं कि उसके मुंह में एक इंसान की उंगली थी. मुझे उल्टियां हो रही हैं. उन्होंने इंस्टाग्राम के जरिए युम्मो आइसक्रीम की शिकायत की. इसके बाद एक कस्‍टमर केयर ऑफिसर ने जल्द ही उसे फोन किया. ब्रेंडन ने सारी जानकारी कस्टमर केयर ऑफिसर को दे दी. ब्रेंडन  ने सबकुछ भेजा और उनके परिवार को लगभग 10-12 मिनट बाद ग्राहक सेवा विंग से फोन आया, जिसमें कहा गया कि वे इस मामले को देखेंगे. 

गाजियाबाद में बनी थी आइसक्रीम

ब्रेंडन फेराओ ने कहा कि मैंने अपने मुंह से उंगली को निकालकर बर्फ में सुरक्षित रखा. फिर पुलिस के पास गया. आइसक्रीम के रैपर पर  मैन्‍युफैक्‍चरिंग डेट 11 मई, 2024 और एक्‍सपायरी डेट 10 मई, 2025 लिखी थी. आइसक्रीम गाजियाबाद में लक्ष्मी आइसक्रीम प्राइवेट लिमिटेड द्वारा बनाया गया था. आइसक्रीम ब्रांड, युम्मो ने अपनी ओर से जारी बयान में कहा कि हमने थर्ड पार्टी मैन्‍युफैक्‍चरिंग सुविधा में प्रोडक्‍शन बंद कर दिया है. ये हमारे गोदाम में नहीं बना है. 

अब ये मामला बड़ा हो गया है. पुलिस ने यम्मो कंपनी के खिलाफ आईपीसी की धाराओं में केस दर्ज किया है. उंगली को फोरेंसिंक जांच के लिए भेज दिया गया है. वहीं जहां ये आइसक्रीम बनी थी उस फैक्ट्री के कर्मचारियों से पूछताछ की तैयारी चल रही है. पुलिस ये पता करने में जुटी हैं कि आइसक्रीम में इंसानी उंगली कैसे पहुंची. पुलिस फोरेंसिंक रिपोर्ट का भी इंतजार कर रही है.