कौन संभालेगा BJP में राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान? PM मोदी करने जा रहे हाई लेवल मीटिंग; जानें रेस में शामिल होने वालों के नाम

बीजेपी में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन पर सस्पेंस बढ़ गया है. पीएम मोदी रविवार को दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर सकते हैं. धर्मेंद्र प्रधान और भूपेंद्र यादव सहित कई दावेदारों के नाम चर्चा में हैं.

@ANI x account
Km Jaya

नई दिल्ली: बीजेपी में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन को लेकर सस्पेंस लगातार गहराता जा रहा है. बिहार विधानसभा चुनाव के तुरंत बाद पार्टी के भीतर संगठनात्मक हलचल तेज हो गई है. बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को दिल्ली लौटने के बाद वरिष्ठ नेताओं के साथ एक हाई लेवल मीटिंग कर सकते हैं, जिसमें नए अध्यक्ष के चयन को लेकर विस्तृत चर्चा होगी. इस बैठक में संगठनात्मक बदलावों, राज्यों में लंबित संगठनात्मक चुनावों और संभावित दावेदारों पर भी बात हो सकती है.

वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल पिछले साल ही समाप्त हो चुका था, लेकिन लोकसभा चुनावों को देखते हुए उन्हें विस्तार दे दिया गया था. अब पार्टी के भीतर यह चर्चा तेज है कि नए अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया जल्द शुरू की जा सकती है. सूत्रों के अनुसार, 29 राज्यों में संगठनात्मक चुनाव पूरे हो चुके हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश और कर्नाटक जैसे अहम राज्यों में यह प्रक्रिया अभी लंबित है. 

कब तक हो सकता है इसपर अंतिम फैसला?

माना जा रहा है कि जनवरी 2026 तक नया अध्यक्ष चुन लिया जाएगा. विशेष रूप से 14 जनवरी के बाद का समय शुभ माना जा रहा है, क्योंकि खरमास की समाप्ति के बाद परंपरागत रूप से नए कार्य शुरू किए जाते हैं. उधर, बिहार में दिलीप जायसवाल के मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद राज्य में नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर भी मंथन शुरू हो गया है. पार्टी अब व्यापक स्तर पर संगठन को मजबूत करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है.

किन नेताओं के नाम आए सामने?

राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए कई बड़े नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं. इनमें केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सबसे प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं. संघ और संगठन में उनकी मजबूत पकड़ उन्हें इस दौड़ में आगे रखती है. भूपेंद्र यादव का नाम भी गंभीरता से चर्चा में है. वह ओबीसी वर्ग से आते हैं और उनकी संगठनात्मक छवि काफी मजबूत मानी जाती है. इनके अलावा शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर और केशव प्रसाद मौर्य भी संभावित विकल्पों के रूप में देखे जा रहे हैं.

कैबिनेट की बैठक में पीएम मोदी ने क्या कहा?

इसी बीच, बुधवार को संसद भवन में कैबिनेट की बैठक में एक खास नजारा देखने को मिला, जब मंत्रियों ने बिहार चुनाव में मिली जीत पर प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया. सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी ने NDA को स्वाभाविक और स्थिर गठबंधन बताते हुए कहा कि यह चुनाव के बाद भी मजबूती से कायम रहेगा. 

बाद में जेपी नड्डा ने बिहार चुनाव में योगदान देने वाले नेताओं के सम्मान में रात्रिभोज आयोजित किया. अब सबकी निगाहें रविवार को होने वाली महत्वपूर्ण बैठक पर टिक गई हैं, जो बीजेपी के संगठनात्मक भविष्य की दिशा तय कर सकती है.