कौन हैं लोकसभा स्पीकर पद के लिए INDIA गठबंधन के कैंडिडेट के सुरेश? ओम बिरला को देंगे चुनौती
लोकसभा के स्पीकर पद के लिए बीजेपी और कांग्रेस के बीच बात नहीं बनी. इंडिया ब्लॉक ने कांग्रेस पार्टी के सांसद के सुरेश को लोकसभा स्पीकर पद के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है, वहीं एनडीए की ओर से पूर्व लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को नामांकन दाखिल किया है. देश में पहली बार स्पीकर पद के लिए चुनाव होगा. वोटिंग 26 जून को सुबह 11 बजे से होगी.
लोकसभा के स्पीकर के लिए देश में पहली बार चुनाव होगा. विपक्ष ने के सुरेश को उम्मीदवार बनाया है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उपसभापति पद विपक्ष को देने से इनकार कर दिया. इस बीच, एनडीए ने अध्यक्ष पद के लिए ओम बिरला को नामित किया है. इससे पहले, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए एनडीए के उम्मीदवार का समर्थन करने को तैयार है, बशर्ते सरकार परंपरा का पालन करते हुए उन्हें उपसभापति का पद दे.
कौन हैं के सुरेश?
कोडिकुन्निल सुरेश यानी के सुरेश केरल की मवेलिकारा लोकसभा सीट से सांसद हैं. वे 1989, 1991, 1996, 1999, 2009, 2014, 2019, 2024 में सांसद चुने गए. साथ ही के सुरेश कांग्रेस की सरकार में 2012 से 2014 तक राज्य मंत्री थे. 2018 में उन्हें केरल कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष भी बनाया गया था. वे AICC के सचिव भी रह चुके हैं. सबसे अनुभवी सांसद होने के बावजूद उन्हें प्रोटेम स्पीकर नहीं चुने जाने पर विपक्ष ने विरोध जताया था.
लोकसभा चुनाव 2024 में मवेलिकारा लोकसभा सीट पर कांग्रेस और सीपीआई के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला. कांग्रेस के के सुरेश ने सीपीआई के उम्मीदवार अरुण कुमार को 10868 वोटों से हराया. सुरेश को 369516 वोट मिले, जबकि अरुण कुमार ने 358648 मत हासिल किए.
Also Read
ओम बिरला खेलेंगे दूसरी पारी?
एनडीए की तरफ से ओम बिरला को स्पीकर पद का कैंडिडेट बनाया गया है. ओम बिरला 2014 से 2019 तक लोकसभा के स्पीकर रहे हैं. अगर वो दोबारा स्पीकर बनते हैं तो बीजेपी के पहले ऐसे सांसद होंगे जो दूसरी बार स्पीकर के पद पर बैठेंगे. अगर वे अपना कार्यकाल पूरा कर लेते हैं तो कांग्रेस के बलराम जाखड़ के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे.
लोकसभा का नंबर गेम
लोकसभा नंबर की बात करें तो इसबार बीजेपी बैकफुट पर है. बीजेपी के पास 240 सीटें हैं. वहीं पूरी एनडीए का संख्याबल 293 है. वहीं विपक्ष की बात करें तो कांग्रेस के पास 99 सीट है, लेकिन इंडिया गठबंधन के पास 233 सांसद हैं. सात निर्दलीय समेत 16 अन्य भी चुनाव जीतकर संसद पहुंचे हैं.