IPL 2026 US Israel Iran War

'.....परेशान किया जा रहा है', अमर्त्य सेन को SIR नोटिस भेजे जाने पर अभिषेक बनर्जी ने EC पर उठाए सवाल

तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी ने चुनाव आयोग पर SIR प्रक्रिया के जरिए बंगाल के नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है. उन्होंने अमर्त्य सेन, मोहम्मद शमी और देव को भेजे गए नोटिस पर सवाल उठाए.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR को लेकर सियासी टकराव तेज होता जा रहा है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बाद अब उनके भतीजे और तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि SIR के नाम पर चुनिंदा लोगों को परेशान किया जा रहा है. खासतौर पर उन हस्तियों को, जिन्होंने देश का नाम रोशन किया है.

मंगलवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि चुनाव आयोग नोबेल पुरस्कार विजेता अमर्त्य सेन को SIR सुनवाई के लिए बुलाकर बंगाल के नागरिकों को टारगेट कर रहा है. उन्होंने इसे बेहद दुखद करार दिया और कहा कि यह प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं दिखती. अभिषेक ने सवाल उठाया कि देश का गौरव रहे लोगों को इस तरह नोटिस भेजने की जरूरत क्यों पड़ी.

अमर्त्य सेन से लेकर शमी तक का जिक्र 

अभिषेक बनर्जी ने अपने बयान में कहा कि अमर्त्य सेन जैसे विश्व प्रसिद्ध अर्थशास्त्री को नोटिस भेजा जाना चौंकाने वाला है. उन्होंने पहले क्रिकेटर मोहम्मद शमी और अभिनेता देव को भेजे गए नोटिस का भी हवाला दिया. उनके मुताबिक, यह सिलसिला केवल जांच नहीं बल्कि बदनाम करने और मानसिक दबाव बनाने की कोशिश लगता है.

BJP और ECI के गठजोड़ का आरोप

TMC सांसद ने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर BJP और चुनाव आयोग मिलकर काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह गठजोड़ बंगाल के आम लोगों के अधिकारों पर चोट कर रहा है. अभिषेक ने दोहराया कि जब देश के सम्मानित नागरिकों को ही बार-बार सफाई देने के लिए बुलाया जाएगा, तो आम लोगों का भरोसा व्यवस्था से उठना स्वाभाविक है.

देव और टॉलीवुड से जुड़ा मामला

इस विवाद के बीच अभिनेता और सांसद देव को भी SIR नोटिस मिला है. उनके साथ परिवार के तीन अन्य सदस्यों को भी सुनवाई के लिए बुलाया गया है. देव दक्षिण कोलकाता के स्थायी निवासी हैं और घाटल से तीन बार सांसद रह चुके हैं. इसी तरह अभिनेता अनिर्बान भट्टाचार्य और अभिनेता दंपती कौशिक बनर्जी व लाबोनी सरकार को भी नोटिस मिल चुके हैं.

मोहम्मद शमी का केस और EC का पक्ष

भारतीय तेज गेंदबाज़ मोहम्मद शमी और उनके भाई को भी SIR सुनवाई के लिए बुलाया गया है. चुनाव आयोग के सूत्रों के अनुसार, यह कदम जनगणना फॉर्म में पाई गई विसंगतियों के कारण उठाया गया. शमी फिलहाल क्रिकेट प्रतिबद्धताओं के चलते राज्य से बाहर हैं. वहीं, अमर्त्य सेन को लेकर चुनाव आयोग ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, जिससे विवाद और गहरा गया है.