IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने अपने पद से दिया इस्तीफा, सीएम ममता बोलीं- मैं उनके फैसले से स्तब्ध

उनके इस्तीफे पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की प्रतिक्रिया सामने आई हैं. उन्होंने कहा कि मैं आनंद बोस के अचानक इस्तीफे की खबर से स्तब्ध और चिंतित हूं.

x
Sagar Bhardwaj

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. हालांकि इसके पीछे की वजह अभी तक सामने नहीं आई है. बोस इस समय दिल्ली में हैं. उनके इस्तीफे पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की प्रतिक्रिया सामने आई हैं. उन्होंने कहा कि मैं आनंद बोस के अचानक इस्तीफे की खबर से स्तब्ध और चिंतित हूं.

सीएम ने कहा, 'उनके इस्तीफे के कारणों की मुझे अभी तक जानकारी नहीं है हालांकि, मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए, अगर आगामी राज्य विधानसभा चुनावों की पूर्व संध्या पर केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा राज्यपाल पर कुछ राजनीतिक हितों की पूर्ति के लिए दबाव डाला गया हो तो मुझे आश्चर्य नहीं होगा. केंद्रीय गृह मंत्री ने अभी मुझे सूचित किया है कि आर.एन रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया जा रहा है. उन्होंने इस संबंध में स्थापित परंपरा के अनुसार मुझसे परामर्श नहीं किया. ऐसे कदम भारत के संविधान की भावना को कमजोर करते हैं और हमारी संघीय संरचना की नींव पर प्रहार करते हैं. केंद्र को सहकारी संघवाद के सिद्धांतों का सम्मान करना चाहिए और ऐसे एकतरफा निर्णय लेने से बचना चाहिए जो लोकतांत्रिक परंपराओं और राज्यों की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं.'

बोस ने क्यों दिया इस्तीफा 

बोस ने इस्तीफा क्यों दिया इस पर अभी सस्पेंस बरकरार है. बोस ने 17 नवंबर 2022 को बंगाल के राज्यपाल के तौर पर शपथ ली थी. उनका कार्यकाल 2027 तक प्रस्तावित था लेकिन उन्होंने 20 महीने पहले ही इस्तीफा दे दिया. राज्यपाल के ओएसडी ने इस्तीफे की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रक्रिया पूरी हो चुकी है.

आर एन रवि बनाए गए बंगाल के नए राज्यपाल

आर एन रवि को पश्चिम बंगाल का नया राज्यपाल बनाया गया है. आर एन रवि वर्तमान में तमिलनाडु के राज्यपाल हैं. बताया जा रहा है कि वे अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ पश्चिम बंगाल के राज्यपाल का भी प्रभार संभालेंगे. रवि भारतीय पुलिस सेवा के पूर्व अधिकारी रहे हैं और भारत सरकार के इंटेलिजेंस ब्यूरो में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं.

लद्दाख के उपराज्यपाल ने भी दिया इस्तीफा

उधर सूत्रों के हवाले से जानकारी मिल रही है कि लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है.