बरुईपुर: पश्चिम बंगाल के बरुईपुर में 11 साल की बच्ची के साथ बलात्कार और हत्या के मुख्य आरोपी प्रभास मंडल को पुलिस एनकाउंटर में मार गिराया गया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था और उसने पुलिस वाले की बंदूक छीनने की कोशिश की. घटना बुधवार को आधी रात के बाद हुई. पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर ले गई थी, जिससे वह पूरा मामला दोबारा दिखा सके कि क्या हुआ था.
फिर रात करीब 12:45 बजे रिक्रिएशन के दौरान प्रभास मंडल ने अचानक एक पुलिसकर्मी की बंदूक छीन ली और भागने की कोशिश की. पुलिस ने उसे रोकने के लिए फायरिंग की. गोली लगने से वह घायल हो गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस का कहना है कि उन्होंने आरोपी को भागने से रोकने के लिए ही गोली चलाई.
West Bengal: The accused Prabash Mondal, in the Baruipur minor girl's death case, was killed in a police encounter after allegedly attempting to escape by snatching a police personnel's rifle pic.twitter.com/aVPXFWU1xb
— IANS (@ians_india) July 8, 2026Also Read
इससे पहले प्रभास मंडल की मां ने खुद भावुक अपील की थी. उन्होंने कहा था, “मेरा बेटा अगर दोषी है तो उसे फांसी दे दो या जो भी सजा मिलनी चाहिए वो दो. मैं मां होने के नाते कह रही हूं. मैं खुद पुलिस को उसे सौंप देती.” उनकी यह बात काफी चर्चा में आई थी. सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को पीड़िता के साथ देखा गया था, जिसके बाद वह मुख्य संदिग्ध बन गया था.
बता दें कि इस घटनाक्रम से एक दिन पहले पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने डीजीपी को इस पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी थी. उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान जो लोग सार्वजनिक संपत्ति तोड़ रहे थे, पुलिस वाहन जला रहे थे और रेलवे ट्रैक खराब कर रहे थे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी. करीब 200 लोगों की पहचान हो चुकी है.
रविवार को 11 साल की बच्ची का शव मिलने के बाद इलाके में गुस्सा भड़क गया. गुस्साए लोगों ने एक व्यक्ति को बच्ची की हत्या में शामिल होने के शक में मार डाला. पुलिस ने इस बलात्कार-हत्या मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. मामले की जांच के लिए 6 सदस्यीय स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई गई है.