menu-icon
India Daily

मानसून ने पकड़ी रफ्तार, इन राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट; IMD का बड़ा अपडेट

IMD ने 28 जून को देश के 19 राज्यों में आंधी, तेज बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश, उत्तर प्रदेश में हीटवेव और 29 जून से मानसून की सक्रियता बढ़ने की संभावना है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
मानसून ने पकड़ी रफ्तार, इन राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट; IMD का बड़ा अपडेट
Courtesy: Pinterest (Representative image)

नई दिल्ली: देशभर में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. इसी बीच कई राज्यों में गर्मी और हीटवेव का असर भी बना हुआ है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 28 जून को देश के 19 राज्यों में आंधी, तेज बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार कई इलाकों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है.

मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह पूर्वोत्तर भारत, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. 27 से 29 जून के बीच पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई इलाकों में अत्यधिक बारिश हो सकती है. वहीं 28 जून को असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में भी बहुत भारी बारिश का अनुमान है.

राजधानी में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी दिल्ली में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. दोपहर से शाम के बीच आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं. अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 29 और 30 जून को भी आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में आज कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है. लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, बस्ती, देवरिया, कुशीनगर समेत अधिकांश जिलों में गर्मी का असर बना रहेगा. आज बारिश की संभावना नहीं है. हालांकि अगले 3 से 4 दिनों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं. 29 जून से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश बढ़ने की संभावना है, जिससे तापमान में करीब 9 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है.

बिहार में अगले दो दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

बिहार में मानसून धीरे धीरे सक्रिय हो रहा है. 29 जून से 1 जुलाई के बीच राज्य के कई हिस्सों में बारिश तेज होने का अनुमान है. कटिहार, पूर्णिया और भागलपुर में आज भारी बारिश हो सकती है. पटना और गया में भी अगले दो दिनों तक बारिश के आसार बने हुए हैं.

अन्य प्रदेशों कैसा रहने वाला है मौसम?

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड और जम्मू कश्मीर में भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. उत्तराखंड के नैनीताल सहित कई पहाड़ी जिलों में भूस्खलन का खतरा भी जताया गया है. झारखंड में गरज चमक के साथ हल्की से भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. जम्मू कश्मीर में 30 जून से बारिश का दायरा और बढ़ने की संभावना है.