प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेशेल्स दौरे के पहले दिन भारत और सेशेल्स के बीच रक्षा तथा विकास सहयोग को नई मजबूती मिली. राजधानी विक्टोरिया में आयोजित विशेष समारोह के दौरान प्रधानमंत्री ने भारत में निर्मित फास्ट पेट्रोल वेसल के साथ कई उपयोगी वाहन और नौकाएं सेशेल्स को सौंपीं. यह पहल हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा, मानवीय सहयोग और द्विपक्षीय संबंधों को और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी की मौजूदगी में 'मेड इन इंडिया' फास्ट पेट्रोल वेसल **पीएस लेस्पवार** सौंपा. गोवा शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा निर्मित यह पोत सेशेल्स की समुद्री निगरानी और विशेष आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) में गश्त की क्षमता को मजबूत करेगा. इसके साथ ही भारत ने छह एंबुलेंस, दस यूटिलिटी वाहन और पांच लेजर रेडियल बोट्स भी भेंट कीं. इन संसाधनों से सेशेल्स की सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सार्वजनिक सेवाओं को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है.
Together as partners. Stronger as one.
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) June 27, 2026
In a special gesture, PM @narendramodi handed over the ‘Made in India’ Fast Patrol Vessel (FPV) PS LESPWAR to President Dr. Patrick Herminie. The FPV will contribute to strengthening Seychelles’ maritime surveillance and EEZ patrol… pic.twitter.com/r5nQAhTNjY
विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह सहयोग भारत की 'महासागर' (MAHASAGAR) दृष्टि के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देना है. भारत और सेशेल्स लंबे समय से रक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचा विकास जैसे क्षेत्रों में साझेदारी कर रहे हैं. नई सहायता को इसी व्यापक सहयोग का विस्तार माना जा रहा है, जिससे दोनों देशों के बीच विश्वास और रणनीतिक संबंध और मजबूत होंगे.
प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस की स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. दोनों देशों के राष्ट्रगान और गार्ड ऑफ ऑनर के बाद उन्होंने स्थानीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखीं. इस दौरान सेशेल्स के पारंपरिक माउत्या नृत्य के साथ गुजरात के कच्छ की लोकनृत्य प्रस्तुति भी हुई, जिसे भारतीय मूल के स्थानीय समुदाय ने प्रस्तुत किया. यह दौरा प्रधानमंत्री मोदी की सेशेल्स की दूसरी आधिकारिक यात्रा है और इसे दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों तथा भविष्य के सहयोग को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है.