5 से ज्यादा राज्यों में आंधी-तूफान, कई जगहों पर हीटवेव का अलर्ट, यहां देखें IMD अपडेट
देश में एक ओर लू चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. IMD के मुताबिक पूर्व के कुछ राज्यों में मौसम का हाल बदलने वाला है.
देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का हाल काफी अलग है. अधिकतर राज्यों में प्रचंड गर्मी का प्रकोप है, वहीं पूर्व के कुछ राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट जारी है. IMD के मुताबिक अगले 4-5 दिनों तक लू चलने की प्रबल संभावना जताई गई है.
IMD ने हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, पश्चिमी बंगाल में पारा हाई रहने वाला है.
इन राज्यों में लू की चेतावनी
दिल्ली-एनसीआर में गर्मी अब पूरे जोर पर है. आज यानी 21 अप्रैल को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 21 डिग्री के करीब रह सकता है. उत्तर प्रदेश में गर्मी का कहर जारी है. प्रयागराज में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि लखनऊ में 41.6 डिग्री दर्ज किया गया.यूपी के साथ-साथ राजस्थान,हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान लू चलने की चेतावनी है.
पश्चिमी जिलों में रात का तापमान भी ऊंचा रहने वाला है. बिहार में आज लू चलने की चेतावनी है, लेकिन 23 अप्रैल को तेज हवाओं के साथ आंधी की संभावना है. मध्य प्रदेश में भी भीषण गर्मी जारी है. रतलाम, छिंदवाड़ा, मंडला, मलांजखंड और नौगांव जैसे इलाकों में लू की स्थिति है, जबकि भोपाल, छिंदवाड़ा, मंडला और नर्मदापुरम में गर्म रातें दर्ज हो रही हैं.
इन राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट
झारखंड में आज गरज-चमक के साथ 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. राज्य के करीब 10 जिलों में तापमान 40 से 44 डिग्री तक पहुंच सकता है और आगे बढ़ने की आशंका है. भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूलों का समय बदल दिया है.
असम में अगले दो-तीन दिनों तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है. गरज-चमक, बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है. अरुणाचल प्रदेश में 21-23 अप्रैल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 21-22 अप्रैल तथा मेघालय और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम में 21 अप्रैल को गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है.