Tamil Nadu Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

'जैसे अयोध्या में हराया, वैसे ही गुजरात में हराएंगे...', राहुल गांधी ने BJP को फिर दी चुनौती

Rahul Gandhi: कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी ने बीजेपी को एक बार फिर से चुनौती दी है और कहा है कि जैसे अयोध्या में हराया, वैसे ही गुजरात में भी हराएंगे. बता दें कि गुजरात के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को आखिरी जीत 30 साल पहले यानी साल 1994 के चुनाव में मिली थी. साल 2001 से बीजेपी लगातार गुजरात का चुनाव जीतती आ रही है और कांग्रेस चुनाव-दर-चुनाव कमजोर होती गई है.

Social Media
India Daily Live

लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से ही कांग्रेस के हौसले बुलंद हैं. कुछ दिनों पहले राहुल गांधी ने संसद के अंदर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से कहा था कि इस बार उसे गुजरात में भी हराएंगे. अब राहुल गांधी ने गुजरात के अहमदाबाद में कहा है कि जैसे अयोध्या में बीजेपी को हराया, वैसे ही गुजरात में भी हराकर दिखाएंगे. राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि यही नेता और कार्यकर्ता मिलकर बीजेपी को हराएंगे. उन्होंने एक बार फिर से अपना नारा दोहराया कि 'डरना नहीं है, डराना नहीं है.'

राहुल गांधी आज ही गुजरात के दौरे पर पहुंचे हैं. वह राज्य में कांग्रेस के नेताओं से मुलाकात करेंगे. इसके अलावा, वह गेमिंग जोन हादसे में मारे गए लोगों के परिजन से भी मुलाकात करेंगे. राहुल गांधी के शेड्यूल के मुताबिक, वह हिरासत में लिए गए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे. हिरासत में लिए गए कांग्रेस नेताओं के परिजन से मुलाकात करेंगे. इसके अलावा, राजकोट गेमिंग जोन हादसा, मोरबी ब्रिज हादसा, हरणी बोट हादसा और तक्षशिला आगजनी के पीड़ितों से मुलाकात भी करेंगे.

क्या बोले राहुल गांधी?

अहमदाबाद में अपने भाषण के दौरान राहुल गांधी ने कहा, 'अब आपको डरना नहीं है, डराना नहीं है. इन्होंने हमारे ऑफिस को तोड़कर हमें चैलेंज दिया है. मैं आपको बता रहा हूं कि हम सब मिलकर इनको गुजरात में हराने जा रहे हैं. लिखकर ले लो कि कांग्रेस पार्टी की जो आत्मा है वो गुजरात के चुनाव में लड़ेगी और नरेंद्र मोदी और बीजेपी को गुजरात में वैसे ही हराएगी जैसे हमने अयोध्या में हराया है. कौन हराएगा? हमारे लीडर हराएंगे, हमारे बब्बर शेर टाइगर हराएंगे. '

ऐसे में अब राहुल गांधी बार-बार दावा कर रहे हैं कि कांग्रेस अगले विधानसभा चुनाव में बीजेपी को हरा देगी. गुजरात में विधानसभा के चुनाव तीन साल बाद यानी साल 2027 में होने हैं.