121 किलो सोना, 45 किलो आभूषण, कीमत 160 करोड़; तिरुपति बालाजी मंदिर को किसने दिया सबसे बड़ा दान?

आंध्र प्रदेश के तिरुमाला मंदिर में भगवान वेंकटेश्वर को 121 किलो सोने के 45 आभूषण चढ़ाए गए हैं. इनकी अनुमानित कीमत 150 से 160 करोड़ रुपये है. इसे मंदिर में किसी एक व्यक्ति की ओर से दिया गया अब तक का सबसे बड़ा चढ़ावा बताया जा रहा है.

@CBNBK9
Sagar Bhardwaj

आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुमाला तिरुपति मंदिर को एक भक्त ने 121 किलोग्राम सोने के आभूषण चढ़ाए हैं. मंदिर का संचालन करने वाले तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के अनुसार, इन आभूषणों की अनुमानित कीमत 150 करोड़ से 160 करोड़ रुपये के बीच है. इसे मंदिर के इतिहास में किसी एक व्यक्ति की ओर से दिया गया सबसे बड़ा चढ़ावा बताया जा रहा है.

नौ सेट में तैयार किए गए हैं सभी आभूषण

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, इस चढ़ावे में कुल 45 सोने के आभूषण शामिल हैं, जिन्हें नौ अलग-अलग सेट में तैयार किया गया है. इन आभूषणों को भगवान श्री वेंकटेश्वर को सिर से लेकर पैर तक सजाने के लिए विशेष रूप से बनवाया गया है. भक्त ने चढ़ावा देने से पहले तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम के अधिकारियों के साथ जरूरी बातचीत और प्रक्रिया पूरी की थी. 26 नवंबर को ये आभूषण मंदिर प्रशासन को सौंपे गए. यह चढ़ावा आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री की मौजूदगी में दिया गया.


क्यों खास है तिरुमाला का वेंकटेश्वर मंदिर?

आंध्र प्रदेश के तिरुमाला में स्थित श्री वेंकटेश्वर मंदिर देश के सबसे प्रसिद्ध और व्यस्त धार्मिक स्थलों में शामिल है. यह मंदिर भगवान विष्णु के अवतार भगवान वेंकटेश्वर को समर्पित है. यहां हर साल देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. भक्त अपनी श्रद्धा के अनुसार मंदिर में नकद राशि, सोना, आभूषण और दूसरी कीमती चीजें दान करते हैं. इन चढ़ावों का प्रबंधन तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम करता है. इस बार 121 किलो सोने का चढ़ावा अपने भारी वजन और अनुमानित कीमत के कारण खास चर्चा में है.

किसने दिया इतना बड़ा दान

प्रसिद्ध उद्योगपति और समाजसेवी वर्धमान जैन ने यह महादान दिया है. मुख्यमंत्री की मौजूदगी में यह दान दिया गया. वर्धमान जैन इससे पहले भी महादान कर चर्चा में आते रहे हैं और साल 2019 से नियमित तौर पर तिरुपति मंदिर को दान करते रहे हैं. इसी साल मई में उन्होंने मंदिर को इलेक्ट्रिक बसें दान की थीं. इसके अलावा श्री वेंकटेश्वर भक्ति चैनल के लिए उन्होंने 7 करोड़ रुपए का दान दिया था.