कभी बने हीरो, कभी सनातन के विलेन, किन विवादों में आ चुका है उदयनिधि स्टालिन का नाम?

Udhayanidhi Stalin Controversies: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन के राज्य के डिप्टी सीएम बनने की खबरें आ रही हैं. फिलहाल, वे तमिलनाडु के युवा कल्याण और खेल मंत्रालय के मंत्री भी हैं. उन्होंने 2022 में एमके स्टालिन के मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था. उदयनिधि स्टालिन अपने सनातन वाले बयान के लिए ज्यादा जाने जाते हैं.

Social Media
India Daily Live

Udhayanidhi Stalin Controversies: तमिलनाडु की द्रविड़ मुनेत्र कड़गम सरकार में खेल मंत्री उदयनिधि स्टालिन को उपमुख्यमंत्री बनाने की चर्चा है. पार्टी के एक सीनियर नेता के मुताबिक, डीएमके पार्टी के कार्यकर्ता और नेता चाहते हैं कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे को उपमुख्यमंत्री बनाया जाए. दावा किया जा रहा है कि अगर ऐसा होता है, तो फिर 2026 में राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए ये फायदे की डील साबित हो सकती है.

हालांकि, डीएमके के आयोजन सचिव आरएस भारती ने स्पष्ट किया कि पार्टी अध्यक्ष और सीएम स्टालिन इस मामले पर अंतिम फैसला लेंगे. ये ठीक वैसे ही है, जब 2009 के लोकसभा चुनाव के बाद एमके स्टालिन को डिप्टी सीएम बनाया गया था. उस वक्त एमके स्टालिन के पिता एम करुणानिधि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री हुआ करते थे. डीएमके की यूथ विंग के नेता और चेपक-थिरुवल्लिकेनी विधानसभा सीट से विधायक उदयनिधि ने दिसंबर 2022 में डीएमके कैबिनेट के मंत्री के रूप में शपथ ली थी.

गुरुवार को डीएमके के एक सीनियर नेता के अनुसार, पार्टी कैडर और नेता 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन को डिप्टी सीएम बनाने की पूरी तैयारी है. तमिलनाडु के संभावित डिप्टी सीएम उदयनिधि पिछले साल अपने सनातन पर दिए गए बयान को लेकर भी चर्चाओं में रहे थे. 

सनातन पर दिए बयान को लेकर चर्चा में रहे थे उदयनिधि

सितंबर 2023 में उदयनिधि ने सनातन धर्म पर अपने बयान से राजनीतिक विवाद को जन्म दिया था. चेन्नई में तमिलनाडु प्रगतिशील लेखक कलाकार संघ की ओर से आयोजित एक बैठक में उन्होंने कहा था कि जिस तरह डेंगू, मच्छर, मलेरिया या कोरोनावायरस को खत्म करने की जरूरत है, उसी तरह हमें सनातन धर्म को भी खत्म करना होगा.

इसके अलावा, उदयनिधि अपने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधने के दौरान दिए गए बयानों से विवादों में रहे हैं. उन्होंने सितंबर 2023 में भाजपा को जहरीला सांप बताया था, जबकि अन्नाद्रमुक को डस्टबिन बता डाला था. 

10 साल पुरानी AIADMK को हटाने में निभाई थी महत्वपूर्ण भूमिका

उदयनिधि स्टालिन ने 2021 के विधानसभा चुनाव में चेपक-थिरुवल्लिकेनी विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल की और एक साल बाद कैबिनेट में शामिल हुए. कई रिपोर्टों के अनुसार उन्होंने एक दशक तक चले AIADMK शासन को समाप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. 

कैबिनेट में एंट्री से पहले चेपक-तिरुवल्लिकेनी में विधायक के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान, उदयनिधि ने मैनुअल स्कैवेंजरों की जगह रोबोट सीवर क्लीनर की शुरुआत की थी, जो उस वर्ष चुनावों के दौरान डीएमके के चुनावी वादों में से एक था.

तीसरी पीढ़ी के नेता हैं उदयनिधि स्टालिन

उदयनिधि डीएमके के दिग्गज नेता एम करुणानिधि के पोते हैं, जो 5 कार्यकालों में 6863 दिनों तक राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे. उनके पिता एमके स्टालिन भी 2009 से 2011 तक उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं, जब करुणानिधि मुख्यमंत्री थे.

उदयनिधि स्टालिन ने 2009 में तमिल फिल्म 'आधावन' में छोटी से कैरेक्टर से एक्टिंग की शुरुआत की थी. मेन एक्टर के रूप में उनकी पहली फिल्म 2012 में आई थी. फिल्म को एम राजेश ने डायरेक्ट किया था, जिसका नाम 'ओरु कल ओरु कन्नडी' था. इसके लिए उदयनिधि को फिल्मफेयर का बेस्ट मेल डेब्यू स्पेशल अवॉर्ड मिला था. IMDb के अनुसार, उदयनिधि ने लगभग 18 फिल्मों में अभिनय किया है, जिसमें 2023 में मारी सेल्वराज निर्देशित, मामन्नन, जाति की राजनीति पर एक फिल्म शामिल है. उन्होंने कई तमिल फिल्मों के प्रोड्यूसर और डिस्ट्रिब्यूटर के रूप में भी काम किया है.