दोस्त के जन्मदिन का जश्न मनाने निकले तीन युवाओं की रात दर्दनाक हादसे में बदल गई. रविवार तड़के बदलापुर के पास अधूरे मुंबई-वडोदरा हाईवे पर एक लग्जरी बीएमडब्ल्यू (BMW) कार भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई. कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि टक्कर के बाद उसके परखच्चे उड़ गए. हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
पुलिस के अनुसार हादसा रविवार सुबह करीब दो बजे एरंजाड इलाके के पास हुआ. बीएमडब्ल्यू कार टिटवाला की ओर से बदलापुर की तरफ जा रही थी. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार बहुत तेज गति से दौड़ रही थी. अंधेरे में चालक सड़क की स्थिति का सही अंदाजा नहीं लगा सका और कार का नियंत्रण खो बैठा. इसके बाद कार हाईवे के डिवाइडर से जोरदार तरीके से टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार कई बार पलटी खाती हुई आगे बढ़ी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मृतकों के शरीर के टुकड़े 500 मीटर के दायरे में बिखर गए.
Badlapur | वाढदिवसाची पार्टी ठरली अखेरची, BMW च्या भीषण अपघातात तरुण-तरुणीचा मृत्यू#Badlapur #MaharashtraNews #DailyNewsUpdates pic.twitter.com/VA0t2lAVsQ
— Navarashtra (@navarashtra) June 21, 2026
इस दुर्घटना में 24 वर्षीय योगेश किशन नेगी और 22 वर्षीय रेबेका बाबू जैकब की मौत हो गई. वहीं 26 वर्षीय अंगद गिल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. उन्हें कल्याण स्थित एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है. बताया गया है कि तीनों दोस्त योगेश नेगी का 24वां जन्मदिन मनाने के लिए बाहर निकले थे. परिवार और मित्र खुशी के अवसर की तैयारी में थे, लेकिन कुछ घंटों बाद मिली हादसे की खबर ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया.
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ है. दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो दुर्घटना से कुछ समय पहले कार के अंदर रिकॉर्ड किया गया था. वीडियो में स्पीडोमीटर 251 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार दिखाता नजर आता है. हालांकि पुलिस वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है. अधिकारियों का मानना है कि यदि वाहन वास्तव में इतनी गति से चल रहा था, तो चालक के लिए अचानक आने वाली किसी भी परिस्थिति पर नियंत्रण पाना लगभग असंभव था. यही वजह है कि दुर्घटना का असर इतना विनाशकारी साबित हुआ.
बदलापुर पश्चिम पुलिस थाने के अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त सड़क का हिस्सा अभी पूरी तरह तैयार नहीं हुआ था और आम लोगों के लिए आधिकारिक रूप से खोला भी नहीं गया था. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि युवक बंद पड़े इस हाईवे तक कैसे पहुंचे और उन्होंने किस स्थान से प्रवेश किया. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है. पुलिस अभी यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था. परिजनों की स्थिति सामान्य होने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके आधार पर आगे की जांच को दिशा मिलेगी.