'मुझे खेद है लेकिन महिला से माफी नहीं मांगूंगा...', टीएमसी नेता ने दिखाए तेवर, मंत्री पद से दिया इस्तीफा
अखिल गिरी का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वो अतिक्रमण हटा रही वन विभाग की महिला अधिकारी को गाली दे रहे थे. उन्होंने महिला को देख लेने की भी धमकी दी थी. साथ ही कहा था कि मुझसे सिर झुकाकर बात करो वरना तुम्हें डंडे से मारूंगा. उन्होंने कहा था कि अगर ये गुंडे चाहेंगे तो तुम रात को अपने घर वापस नहीं जा पाओगी.
West Bengal News: ऑन ड्यूटी महिला अधिकारी से अभद्रता करने वाले टीएमसी के नेता और पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री अखिल गिरी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. अखिल गिरी का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वे ड्यूटी पर तैनात वन विभाग की महिला अधिकारी से अभद्रता करते हुए नजर आ रहे थे. विपक्षी दल भाजपा ने इस वीडियो को लेकर टीएमसी पर जोरदार हमला बोला था. विपक्ष के दबाव के आगे टीएमसी को झुकना पड़ा और अखिल गिरी का इस्तीफा लेना पड़ा.
जानकारी के मुताबिक, अखिल गिरी ने पार्टी के निर्देश पर अपना इस्तीफा सीएम ममता बनर्जी को मेल कर दिया है और सोमवार को वह विधानसभा में अपने इस्तीफे की हार्ड कॉपी सीएम को सौंप देंगे.
माफी मांगने का सवाल ही नहीं
मंत्री पद से इस्तीफा देते हुए अखिल गिरी ने कहा कि उन्होंने महिला के साथ जो व्यवहार किया उसके लिए उन्हें खेद है, लेकिन वे महिला वन अधिकारी से माफी नहीं मांगेंगे. उन्होंने, 'माफी मांगने का कोई सवाल ही नहीं है क्योंकि मुझे सिर्फ इसलिए माफी मांगनी चाहिए क्योंकि मुझे खेद है? मेरी पार्टी ने मुझसे माफी मांगन के लिए नहीं कहा, मुझसे सिर्फ इस्तीफा देने के लिए कहा गया है जो कि मैंने दे दिया है.'
मेरे मुंह से ये शब्द ना निकलते तो अच्छा होता
एक मीडिया चैनल से बात करते हुए गिरी ने कहा, 'मुझे अपनी टिप्पणी के लिए खेद है, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि मुझे महिला से माफी मांगनी होगी, मैंने उस वक्त महिला से जो कहा वह दुर्भाग्यपूर्ण था, मेरे मुंह से वो शब्द न निकलते तो अच्छा होता, मुझे इसका अफसोस है लेकिन उस स्थिति के लिए वो महिला अधिकारी ही जिम्मेदार थी.'
क्या था पूरा मामला
बता दें कि अखिल गिरी का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वो अतिक्रमण हटा रही वन विभाग की महिला अधिकारी को गाली दे रहे थे. उन्होंने महिला को देख लेने की भी धमकी दी थी. साथ ही कहा था कि मुझसे सिर झुकाकर बात करो वरना तुम्हें डंडे से मारूंगा. उन्होंने कहा था कि अगर ये गुंडे चाहेंगे तो तुम रात को अपने घर वापस नहीं जा पाओगी.