तमिलनाडु में थलापति विजय पर हॉर्स ट्रेडिंग के आरोप, दिनाकरन ने दी CBI जांच की धमकी
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलापति विजय पर एएमएमके प्रमुख टीटीवी दिनाकरन ने हॉर्स ट्रेडिंग के गंभीर आरोप लगाए हैं. दिनाकरन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी पार्टी के विधायक को मंत्री बनाया गया तो वह CBI जांच की मांग करेंगे.
तमिलनाडु में नायक से मुख्यमंत्री बने थलापति विजय बड़ी मुसीबत में फंसने वाले हैं. अम्मा मक्कल मुनेत्र कड़गम (AMMK) प्रमुख दिनाकरन ने मीडिया के सामने जो आरोप लगाए हैं, उससे तो यही लगता है. दिनाकरन ने सीएम विजय को सशर्त सीबीआई जांच कराने की धमकी भी दे डाली. बता दें कि दिनाकरन की पार्टी के एक मात्र विधायक विजय थलापति की सरकार को समर्थन दे चुके हैं.
थलापति विजय और उनकी पार्टी को सीबीआई की धमकी
दिनाकरन ने थलापति विजय और उनकी पार्टी टीवीके पर हॉर्स ट्रेडिंग के आरोप लगाए हैं दिनाकरन का आरोप है कि एएमएमके विधायक से समर्थन प्राप्त करने के लिए उन्होंने हॉर्स ट्रेडिंग की, दिनाकरन यहीं नहीं रुके, उन्होंने यहां तक कह दिया कि थलापति विजय की पूरी राजनीति ही हॉर्स ट्रेडिंग वाली है. दिनाकरन ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सीएम विजय यदि एएमएमके विधायक को मंत्री बनाते हैं तो वह सीबीआई जांच की मांग करेंगे
जानिए क्या है पूरा मामला?
दरअसल दिनाकरन की पार्टी से एक मात्र उम्मीदवार ने विधानसभा चुनाव जीता था पार्टी के एकमात्र विधायक एस कामराज ने सीधे थलापति विजय को समर्थन देने का ऐलान कर दिया था उनके समर्थन पत्र के असली होने को लेकर भी सवाल उठे थे, हालांकि कामराज अपने फैसले पर कायम रहे बाद में उन्हें एएमएमके से निष्कासित कर दिया गया. दिनाकरन ने कहा कि थलापति विजय के मंत्रियों के खिलाफ पहले से ही कई शिकायतें हैं. रील्स बनाने से सरकार नहीं चलती, कुछ दिनों में हकीकत सामने आ जाएगी.
डीएमके ने भी लगाया हॉर्स ट्रेडिंग का आरोप
एएमएमके के अलावा डीएमके ने भी थलापति विजय पर हॉर्स ट्रेडिंग का आरोप लगाया है एसएस शिवशंक ने टीवीके पर एआईडीएमके और एएमएमके विधायकों की हॉर्स ट्रेडिंग करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि टीवीके सरकार कुछ दिनों की मेहमान है. लगातार विरोध और अहंकार इस सरकार को ले डूबेगा.