PCR कॉल, थाने में एंट्री और अब शांति, आखिर क्या कहती है स्वाति मालीवाल की चुप्पी?
Swati Maliwal: अचानक से चर्चा में आईं स्वाति मालीवाल पिछले 24 घंटे से ज्यादा समय से लगभग गायब हैं. उनको लेकर हो रही चर्चाओं पर भी उन्होंने किसी को कोई जवाब नहीं दिया है.
दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष, अरविंद केजरीवाल की पुरानी साथी, आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ सदस्य और मौजूदा राज्यसभा सदस्य. ये सारे परिचय स्वाति मालीवाल के हैं. सोमवार को अचानक स्वाति मालीवाल से मारपीट की खबरें चर्चा में आईं तो हड़कंप मच गया. महिलाओं के मुद्दों को लेकर हमेशा मुखर रहने वाली स्वाति मालीवाल को लेकर कहा गया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पर उनसे मारपीट की गई. पुलिस के मुताबिक, स्वाति मालीवाल थाने भी गईं लेकिन शिकायत नहीं दर्ज कराई. इस बवाल के बावजूद स्वाति मालीवाल चुप हैं. लगभग 24 घंटे हो चुके हैं लेकिन स्वाति मालीवाल ने न तो आधिकारिक तौर पर शिकायत दर्ज कराई है और न ही उन्होंने इन खबरों का खंडन ही किया है.
इस बारे में दिल्ली पुलिस ने आधिकारिक बयान दिया है कि उन्हें दो पीसीआर कॉल आई और कॉल करने वाली महिला ने बताया कि वह स्वाति मालीवाल हैं और दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास में उनके साथ मारपीट की गई है. हालांकि, जब पुलिस की टीम पहुंची तो उन्हें वहां कोई नहीं मिला. पुलिस के मुताबिक, स्वाति मालीवाल सिविल लाइन्स थाने भी आई थीं लेकिन उन्होंने कोई शिकायत नहीं दर्ज करवाई और वहां से चली गईं.
क्या कहती है चुप्पी?
आरोप है कि स्वाति मालीवाल के साथ सीएम हाउस पर केजरीवाल के निजी सचिव बिभव ने मारपीट की. हालांकि, इस बारे में न तो स्वाति मालीवाल ने और न ही अरविंद केजरीवाल या बिभव की ओर से कोई प्रतिक्रिया आई है. अब इस चुप्पी को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं. विपक्षी बीजेपी इसे महिलाओं की सुरक्षा से जोड़कर अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोल रही है. वहीं, AAP इस मुद्दे पर एकदम शांत है.
दरअसल, स्वाति मालीवाल एनजीओ के दिनों से अरविंद केजरीवाल की साथी हैं. बिभव कुमार भी लंबे समय से केजरीवाल से जुड़े हुए हैं. शायद यही वजह है कि चर्चाओं का बाजार गर्म होने के बावजूद न तो स्वाति मालीवाल ने कोई प्रतिक्रिया दी है और न ही आम आदमी पार्टी या केजरीवाल की ओर से उनके बारे में कुछ गया है. बताया गया कि थाने पहुंचीं स्वाति मालीवाल के पास कुछ फोन आए जिसके बाद वह यह कहकर वहां से निकल गईं कि शाम को लौटकर वह शिकायत दर्ज कराएंगी.