Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026

'पूरा दिन झूठ और गंदी बातें बोलकर शक्ति नहीं मिलती...', आतिशी का अनशन खत्म होने पर स्वाति मालीवाल ने कसा तंज

Atishi Hunger Strike: AAP की नेता और दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी का अनिश्चितकालीन अनशन पांच दिन में ही समाप्त हो गया है. इस मामले में अब स्वाति मालीवाल ने तंज कसा है. उन्होंने कहा है कि संघर्ष करने की हिम्मत जमीन पर काम करने के बाद ही आती है. खुद पर आतिशी के हमलों के बाद स्वाति ने कहा है कि दूसरों के बारे में पूरा दिन झूठी और गंदी बातें बोलकर यह हिम्मत हासिल नहीं होती है.

Aam Aadmi Party
India Daily Live

दिल्ली की जल मंत्री आतिशी अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठी थीं. 21 जून को शुरू हुआ यह अनशन अब समाप्त हो गया है. आम आदमी पार्टी (AAP) ने आतिशी की तबीयत खराब होने के बाद यह फैसला लिया है. तबीयत बिगड़ने के बाद आतिशी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था. अब AAP की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने इस मामले में तंज कसते हुए कहा है कि जमीन पर काम करके ही शक्ति आती है, किसी के बारे में पूरा दिन झूठ और गंदी बातें बोलकर नहीं. इन दिनों AAP नेताओं के निशाने पर चल रहीं स्वाति मालीवाल ने लिखा है कि उन्हें आशा है कि आतिशी का स्वास्थ्य जल्द ठीक होगा और वह दिल्ली के लोगों के लिए काम कर पाएंगी.

दरअसल, दिल्ली में लंबे समय से जल संकट जारी है. दिल्ली सरकार ने इसी को लेकर हरियाणा सरकार से मांग की थी कि वह यमुना में और पानी छोड़े. दिल्ली की AAP सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का भी रुख किया था. हालांकि, AAP ने आरोप लगाए कि कोर्ट के आदेश के बावजूद पानी नहीं छोड़ा गया. बता दें कि पानी का संकट गहराने के बाद आतिशी ने पीएम मोदी को चिट्ठी लिखी थी और मांग की थी कि वह इस मामले में हस्तक्षेप करें और दिल्ली को उसके हक का पानी दिलवाएं. इस मामले में पीएम मोदी की ओर से कोई जवाब न आने के बाद स्वाति मालीवाल 21 जून को अनशन पर बैठ गईं. अब अनशन समाप्त किए जाने की घोषणा के बाद स्वाति मालीवाल ने तंज कसा है.

स्वाति मालीवाल ने साधा निशाना

स्वाति मालीवाल ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा है, 'गांधी जी ने अनशन की पवित्र विधि को सत्याग्रह का नाम दिया था. सत्याग्रह जो हमेशा सच्चे और पवित्र मन से किया जाता है. मैंने दो बार अनशन किया. एक बार 10 दिन और एक बार 13 दिन. मेरे अनशन के बाद देश में बच्चों के बलात्कारियों को फांसी की सजा हो, ऐसा क़ानून भी बना. संघर्ष की राह बहुत मुश्किल होती है. कई साल ज़मीन पर संघर्ष करके ही अनशन करने की शक्ति हासिल होती है. दूसरों के बारे में पूरा दिन झूठी और गंदी बातें बोलकर नहीं. ख़ैर, आशा है जल्द आतिशी जी का स्वास्थ्य ठीक होगा और वह दिल्ली के लोगों के लिए काम करेंगी.'

क्यों खत्म हो गया अनशन?

इस मामले में AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बताया, 'आतिशी की तबीयत बिगड़ रही थी. डॉक्टर बार-बार उन्हें अनशन खत्म करने को कह रहे थे. उनका शुगर लेवल 43 आया था. उनका न्यूनतम ब्लड शुगर 36 तक पहुंच गया था. डॉक्टरों की सलाह थी कि आतिशी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराना चाहिए, वरना उनका जीवन जा सकता है. इसके बाद हमने पार्टी के अन्य लोगों से भी बातचीत की. इसी के बाद उन्हें LNJP में भर्ती कराया गया. अभी भी वह आईसीयू में हैं.'

संजय सिंह ने आगे कहा, 'अनिश्चितकालीन अनशन पर विराम लगाया जा रहा है. मौसम थोड़ा ठीक हुआ है, बारिश थोड़ी हुई है. 10 एमजीडी पानी बढ़ा है. स्थिति थोड़ी बेहतर होगी. अब हमारी पार्टी विपक्षी दलों के साथ मिलकर दिल्ली के जल संकट की बात संसद में उठाएगी. '