ज्यादा फैट, नमक और चीनी वाले पैकेटबंद खाने पर अलग से लगाना होगा लाल चेतावनी निशान: सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया है कि ज्यादा फैट, चीनी और नमक वाले पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर अलग-अलग लाल निशान लगाने होंगे. FSSAI को नए नियमों का मसौदा तैयार करने और बच्चों में स्वस्थ खानपान की आदतें बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं.
सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर चेतावनी लेबल मजबूत करने का निर्देश दिया है. कोर्ट के मुताबिक, जिन खाद्य उत्पादों में तय सीमा से ज्यादा फैट, चीनी या नमक होगा, उनके पैकेट के सामने स्पष्ट चेतावनी निशान लगाना जरूरी होगा. इसका उद्देश्य ग्राहकों को खरीदारी से पहले ही यह समझने में मदद करना है कि कौन-सा उत्पाद सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है.
लाल षटकोण में होंगे तीन अलग-अलग चेतावनी निशान
जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस केवी विश्वनाथन की पीठ ने कहा कि ज्यादा फैट, ज्यादा चीनी और ज्यादा नमक के लिए अलग-अलग लाल षटकोण (Hexagon) वाले निशान होने चाहिए. हर निशान के साथ संबंधित जानकारी और चित्र भी दिया जाएगा.
अगर किसी पैकेटबंद खाद्य पदार्थ में तीनों चीजों की मात्रा तय सीमा से ज्यादा है, तो उस पर तीन अलग-अलग चेतावनी निशान लगाने होंगे. तीनों के लिए एक ही संयुक्त निशान पर्याप्त नहीं होगा. इससे ग्राहक आसानी से समझ सकेंगे कि किसी उत्पाद में किस चीज की मात्रा अधिक है.
Also Read
कुल चीनी और सैचुरेटेड फैट को भी देखेगा FSSAI
सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को निर्देश दिया है कि चेतावनी लेबल की सीमा तय करते समय खाद्य पदार्थों में मौजूद कुल चीनी (Total Sugar) और सैचुरेटेड फैट की मात्रा को भी ध्यान में रखा जाए. यानी आकलन केवल मिलाई गई चीनी या फैट तक सीमित नहीं होना चाहिए.
कोर्ट ने कहा कि इन सीमाओं को तय करने में वैज्ञानिक शोध और प्रमाणों का इस्तेमाल किया जाए. चेतावनी की सीमा न तो इतनी कम हो कि लगभग हर पैकेट पर लाल निशान लगाना पड़े और न इतनी ज्यादा कि अधिक मात्रा में हानिकारक तत्व होने के बावजूद उत्पाद चेतावनी से बच जाएं.
पैकेट पर कितना बड़ा होगा लाल निशान?
कोर्ट ने चेतावनी निशानों के आकार को लेकर भी निर्देश दिए हैं. प्रत्येक लाल षटकोण पैकेट के सामने वाले प्रमुख डिस्प्ले हिस्से (Principal Display Area) का करीब 4 से 5 फीसदी होना चाहिए. निशान के भीतर लिखी जानकारी भी इतनी बड़ी और स्पष्ट होनी चाहिए कि सामान्य रोशनी में आसानी से पढ़ी जा सके. केंद्र सरकार को फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स (लेबलिंग एंड डिस्प्ले) रेगुलेशंस, 2020 के साथ कोर्ट के निर्देशों को लागू करने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया है.
बच्चों को भी सिखाई जाए स्वस्थ खानपान की आदत
सुप्रीम कोर्ट ने बच्चों में पौष्टिक भोजन को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया है. पीठ ने कहा कि स्कूलों के पाठ्यक्रम में जरूरी बदलावों पर विचार किया जाना चाहिए, ताकि बच्चे केवल किताबों से नहीं, बल्कि व्यावहारिक गतिविधियों के जरिए भी अच्छे और कम पौष्टिक भोजन के बीच अंतर समझ सकें. इसके लिए स्कूलों में वर्कशॉप, संवाद सत्र और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं.
10 हफ्ते बाद फिर होगी सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI से संशोधित नियमों का मसौदा तैयार करने की दिशा में हुई प्रगति की जानकारी मांगी है. प्राधिकरण को अगली सुनवाई से पहले अपनी रिपोर्ट और हलफनामा दाखिल करना होगा. मामले की अगली सुनवाई 10 सप्ताह बाद होगी.