menu-icon
India Daily

सूरत के पास वंदे भारत पर बरसे पत्थर, ट्रेन में मौजूद थीं UP की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल

मुंबई-अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस पर सूरत के पास पत्थर फेंके गए. ट्रेन में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और प्रफुल पटेल मौजूद थे.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
सूरत के पास वंदे भारत पर बरसे पत्थर, ट्रेन में मौजूद थीं UP की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल
Courtesy: X

सूरत के पास वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव की घटना से हड़कंप मच गया. ट्रेन में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी सफर कर रही थीं. घटना के बाद रेलवे और जीआरपी की टीम सक्रिय हुई और एक संदिग्ध को पकड़ लिया गया. उससे मामले को लेकर पूछताछ जारी है.

सूरत के पास वंदे भारत पर पथराव

मुंबई से अहमदाबाद जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर सूरत के पास पथराव किया गया. यह घटना शाम करीब 6:30 से 6:45 बजे के बीच उत्तराण और कोसाड के बीच हुई. ट्रेन नंबर 22961 के इस मामले की सूचना तुरंत एसपी/जीआरपी को दी गई. जानकारी मिलते ही अंकलेश्वर के आईपीएफ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है और उससे पूछताछ की जा रही है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रेन के उत्राण स्टेशन के पास से गुजरते समय कुछ लोगों ने पत्थर फेंके थे.

एग्जीक्यूटिव कोच में थीं आनंदीबेन पटेल

पथराव के समय ट्रेन में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव के प्रशासक प्रफुल पटेल भी मौजूद थे. दोनों एग्जीक्यूटिव कोच में यात्रा कर रहे थे और इस वजह से सुरक्षित रहे. घटना में किसी यात्री के घायल होने की जानकारी नहीं है. यात्रा के दौरान राज्यपाल ने फिल्म और टीवी अभिनेता अनंग देसाई तथा अन्य यात्रियों से मुलाकात भी की और फिल्म जगत समेत कई मुद्दों पर बातचीत की. इस दौरान प्रफुल पटेल भी मौजूद रहे.

गुजरात दौरे पर हैं राज्यपाल

आनंदीबेन पटेल इन दिनों दादरा एवं नगर हवेली, दमन-दीव और गुजरात के दौरे पर हैं. दौरे के दौरान उन्होंने प्रफुल पटेल के साथ दमन एवं दीव में आयोजित मॉनसून फेस्टिवल-2026 की सांस्कृतिक परेड को हरी झंडी दिखाई. इसके अलावा उन्होंने सिलवासा के नमो मेडिकल हॉस्पिटल का दौरा कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और न्यूमैटिक ट्यूब सिस्टम की जानकारी ली. उन्होंने मरीजों और मेडिकल छात्रों से भी बातचीत की. इसके बाद राज्यपाल ने स्वामी विवेकानंद विद्यामंदिर स्कूल का दौरा किया और वहां की पढ़ाई व दूसरी सुविधाओं का जायजा लिया.