शहजाद पूनावाला ने बीजेपी से दिया इस्तीफा! X पर प्रोफाइल से हटाया 'BJP प्रवक्ता' का पद
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे शहजाद पूनावाला की X प्रोफाइल में बदलाव के बाद उनके इस्तीफे की चर्चाएं तेज हो गई हैं. हालांकि पार्टी और पूनावाला दोनों की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे शहजाद पूनावाला एक बार फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में हैं. सोशल मीडिया मंच X पर उनकी प्रोफाइल में हुए बदलाव के बाद उनके बीजेपी छोड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि उन्होंने व्यक्तिगत कारणों से इस्तीफा दिया है. हालांकि अब तक न तो पार्टी और न ही शहजाद पूनावाला ने इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी किया है.
X प्रोफाइल में बदलाव से बढ़ी चर्चा
शहजाद पूनावाला ने अपने X अकाउंट की प्रोफाइल में बदलाव किया है. नई प्रोफाइल में भारतीय जनता पार्टी का उल्लेख नहीं है. हालांकि उन्होंने खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का Lifelong Follower बताया है. प्रोफाइल अपडेट के बाद सोशल मीडिया पर उनके भविष्य को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
इस्तीफे की खबर पर बनी हुई है सस्पेंस
मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि शहजाद पूनावाला ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए पार्टी नेतृत्व को इस्तीफा सौंप दिया है. लेकिन अभी तक बीजेपी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है. खुद पूनावाला ने भी सार्वजनिक रूप से इन खबरों की पुष्टि नहीं की है.
Also Read
कांग्रेस से बीजेपी तक का राजनीतिक सफर
शहजाद पूनावाला ने वर्ष 2017 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थामा था. कांग्रेस में रहते हुए उन्होंने संगठनात्मक चुनावों को लेकर सवाल उठाए थे. बीजेपी में शामिल होने के बाद वह पार्टी के प्रमुख टीवी चेहरों में शामिल हुए और राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी संभाली.
पहले भी दिए थे सक्रिय राजनीति छोड़ने के संकेत
पिछले कुछ समय से शहजाद पूनावाला अपने X अकाउंट पर पुराने वीडियो साझा कर रहे थे. इनमें उन्होंने कहा था कि राजनीति केवल चुनाव लड़ने तक सीमित नहीं होती. उन्होंने यह भी संकेत दिया था कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद सक्रिय राजनीति से आगे बढ़ने का फैसला कर चुके हैं.
आधिकारिक पुष्टि का अब भी इंतजार
फिलहाल शहजाद पूनावाला के बीजेपी छोड़ने की चर्चा सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में जरूर तेज है. लेकिन जब तक पार्टी या पूनावाला की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं होता, तब तक इन दावों की पुष्टि नहीं मानी जा सकती. सभी की नजर अब उनके अगले सार्वजनिक बयान पर टिकी हुई है.