'1 में बेमानी, 403 में BJP की चार सौ बीसी नहीं चलेगी', अखिलेश यादव ने फिर से EC और योगी सरकार पर लगाए बड़े आरोप
सपा सुप्रीमों अखिलेश यादव का यह बयान आगामी चुनावों में सपा के राजनीतिक दृष्टिकोण और संघर्ष का संकेत है. वे लगातार बीजेपी के खिलाफ एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाते हुए समाजवादी पार्टी को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
मिल्कीपुर उप चुनाव में समाजवादी पार्टी की हार के बाद समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने एक बार फिर बीजेपी पर निशाना साधा है. सपा चीफ अखिलेश यादव ने बीजेपी को चेतावनी देते हुए कहा कि "आप एक सीट पर गड़बड़ कर सकते हो, लेकिन उत्तर प्रदेश की 403 सीटों पर बीजेपी की चार सौ बीसी नहीं चलेगी.
सपा प्रमुख का यह बयान मिल्कीपुर उप चुनाव में पार्टी की हार के बाद आया है, जहां समाजवादी पार्टी को जनता के बीच उम्मीद के मुताबिक समर्थन नहीं मिला. अखिलेश यादव ने अपनी पार्टी की हार को लेकर बीजेपी पर आरोप लगाया कि बीजेपी ने चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी की है. साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश की विधानसभा में बीजेपी को किसी भी कीमत पर सफलता नहीं मिलेगी.
बीजेपी के खिलाफ अखिलेश का मोर्चा
सपा सुप्रीमों अखिलेश यादव का यह बयान उस समय आया जब बीजेपी ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी मजबूत पकड़ बनाई है. सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि बीजेपी ने सत्ता के बल पर राज्य की लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की है, लेकिन वह जान लें कि समाजवादी पार्टी इसका विरोध करती रहेगी और कभी भी कमजोर नहीं पड़ेगी.
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर लगाए धांधली के आरोप
हालांकि, इससे पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमज़ोर करने और उत्तर प्रदेश के अयोध्या में मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में धांधली करने का आरोप लगाया है. बीजेपी ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि उपचुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजित किया गया था.
BJP ने लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की उड़ायी धज्जियां
समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से जारी एक बयान में अखिलेश यादव ने कहा, "अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा सरकार के इशारे पर लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की धज्जियां उड़ायी गयीं. "भाजपा और प्रशासन ने कई जगहों पर फ़र्ज़ी वोटिंग की और जमकर धांधली की. दर्जनों बूथों पर समाजवादी पार्टी के बूथ एजेंटों को डराया-धमकाया गया. बयान में दावा किया गया कि अकेले एक व्यक्ति ने 6 वोट डाले हैं और समाजवादी पार्टी के समर्थक वोटरों को वोट नहीं डालने दिया गया है.