'एक राष्ट्र एक चुनाव का क्या हुआ...', हरियाणा और जम्मू-कश्मीर चुनाव को लेकर पायलट ने कर दिया ये दावा

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में पार्टी की जीत को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त दिखे. उन्होंने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में उनकी पार्टी और उनके सहयोगी दल महत्वपूर्ण जीत हासिल करेंगे.

@SachinPilot
India Daily Live

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में पार्टी की जीत को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त दिखे. उन्होंने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में उनकी पार्टी और उनके सहयोगी दल महत्वपूर्ण जीत हासिल करेंगे. पायलट ने कहा कि हरियाणा में जिस तरह से सीएम बदले गए वह बताता है कि एक दशक के बाद बीजेपी हरियाणा में हारने जा रही है.

जोधपुर में मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए पायलट ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में हाल के सालों में हुई राजनीतिक हलचल के बीच कांग्रेस के नेतृत्व में उसके सहयोगियों के जीतने की उम्मीद है. पायलट ने कहा, 'इंडिया गठबंधन लगातार प्रगति कर रहा है. हरियाणा में कम्युनिस्ट पार्टी को एक सीट देना हमारे व्यापक सहयोग की प्रतिबद्धता को दर्शाता है.'

एक राष्ट्र, एक चुनाव का क्या हुआ
पायलट ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, 'महाराष्ट्र और झारखंड में भी चुनाव नजदीक है, एक राष्ट्र, एक चुनाव की वकालत करने वाली पार्टी अभी तक ऐसा माहौल नहीं बना पाई है कि चुनाव आयोग एक साथ चारों राज्यों में चुनाव करा सके. राजस्थान और यूपी में भी उपचुनाव लंबित हैं, उसको लेकर भी अभी तक घोषणा नहीं की गई है.'

राजस्थान की कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जोधपुर में लगातार हो रही बलात्कार की घटनाएं राज्य की लचर कानून-व्यवस्था की ओर इशारा करती हैं. उन्होंने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार अभी भी मनमोहन सिंह के समय के यूपीए प्रशासन की आलोचना करती है, लेकिन अभी कानून व्यवस्था आपके हाथों में हैं और कोई भी राज्य चोरी, रेप, डकैती जैसी घटनाओं से अछूता नहीं है जो सरकार की नाकामी को दर्शाता है.

पायलट ने कहा कि वर्तमान प्रशासन सत्ता के अधिक शक्ति केंद्रों से त्रस्त है जिनकी तरफ से विरोधाभाशी संदेश दिए जाते हैं जिससे भ्रम पैदा होता है और प्रशासन ठीक से काम नहीं करता. इसके अलावा उन्होंने पेपर लीक मामलों के मद्देनजर राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) के पुनर्गठन की वकालत की.  उन्होंने कहा कि RPSC गंभीर विश्वसनीयता के मुद्दों का सामना कर रहा है.

बीजेपी ने किया पलटवार
बीजेपी प्रवक्ता लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने पाटलट की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कहा कि  पायलट की भाजपा की आलोचना इस बात का प्रतिबिंब है कि पायलट कांग्रेस पार्टी के बारे में क्या कहना चाहते हैं लेकिन पार्टी की मर्यादा और आंतरिक बाध्यताओं के कारण ऐसा नहीं कर पार रहे हैं. भारद्वाज ने कहा कि उन्होंने खुद कांग्रेस में बहुत कुछ झेला है.

हरियाणा, कश्मीर में जीत का परचम लहराएगी बीजेपी
भारद्वाज ने कहा कि बीजेपी हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में जीत का परचम लहराएगी. उन्होंने कहा कि देश की जनता ने तीसरी बार मोदी को चुना है जबकि कांग्रेस अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है.