बारिश बनी आफत! असम में 300 मीटर लंबा पुल बहा, अरुणाचल में बाढ़-भूस्खलन से 3 की मौत

पूर्वोत्तर भारत में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने असम और अरुणाचल प्रदेश में भारी तबाही मचा दी है. असम में बाढ़ के तेज बहाव में 300 मीटर लंबा लोहे का पुल बह गया, जबकि रेलवे पुल भी क्षतिग्रस्त होने से ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं. वहीं अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ और भूस्खलन के कारण सड़क संपर्क टूट गया है तथा तीन लोगों की मौत हो चुकी है.

ANI
Shanu Sharma

पूर्वोत्तर भारत में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने असम और अरुणाचल प्रदेश के कई इलाकों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. बाढ़ और भूस्खलन के कारण सड़क एवं रेल संपर्क बाधित हो गया है. कई क्षेत्रों में पुल बह गए हैं, जबकि लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम जारी है. 

असम के धेमाजी जिले में सिमेन नदी पर बना रेलवे पुल भारी बारिश और नदी के तेज कटाव की चपेट में आ गया. पुल के एक पिलर के अस्थिर होने के बाद रेलवे ने अर्चिपथर और सिमेन चापारी स्टेशनों के बीच ट्रेनों का संचालन तत्काल प्रभाव से रोक दिया है.

केमी नदी में अचानक आया उफान

असम के धेमाजी जिले में केमी नदी में अचानक आए उफान ने भारी तबाही मचाई. बाढ़ के तेज बहाव में केमी और ओयान को जोड़ने वाला करीब 300 मीटर लंबा लोहे का पुल बह गया. इसके बाद केमी-पुराना जेलोम क्षेत्र और जोनाई सदर के बीच सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया. स्थानीय लोगों के अनुसार, दोपहर के समय नदी का जलस्तर अचानक बढ़ा और कुछ ही देर में पुल तेज बहाव में समा गया. इससे आसपास के गांवों के लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई.


बाढ़ और भूस्खलन से तीन की मौत

अरुणाचल प्रदेश के केयी पान्योर जिले में लगातार बारिश के कारण आई अचानक बाढ़ ने गंभीर स्थिति पैदा कर दी है. राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य लोग अभी भी लापता हैं. एनईईपीको कॉलोनी और आसपास के गांवों में अचानक आई बाढ़ में पांच लोग बह गए थे. पहले दो शव बरामद किए गए थे, जबकि रविवार को तीसरा शव भी मिल गया. 

प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की अपील की है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक पूर्वोत्तर के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है, जिसके चलते बाढ़ और भूस्खलन का खतरा अभी बना हुआ है. ऐसे में किसी भी यात्री को यात्रा से पहले मौसम के बारे में चेक करने की सलाह दी गई है.