नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को जर्मनी के म्यूनिख में ऑटोमोबाइल दिग्गज बीएमडब्ल्यू के मुख्यालय का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने बीएमडब्ल्यू वेल्ट और मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का निरीक्षण किया.
दौरे की तस्वीरें और वीडियो कांग्रेस पार्टी ने सोशल मीडिया पर साझा किए. राहुल गांधी ने भारतीय इंजीनियरिंग की तारीफ की, लेकिन साथ ही भारत में घटती मैन्युफैक्चरिंग पर गंभीर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार की नीतियों को कठघरे में खड़ा किया.
राहुल गांधी ने म्यूनिख में बीएमडब्ल्यू वेल्ट और बीएमडब्ल्यू प्लांट का भ्रमण किया. इस दौरान वे विभिन्न कारों और मोटरसाइकिलों को करीब से देखते नजर आए. कांग्रेस के अनुसार, यह दौरा केवल औपचारिक नहीं था, बल्कि आधुनिक ऑटोमोबाइल निर्माण की प्रक्रिया और तकनीक को समझने का प्रयास था, जिसे राहुल ने बेहद रुचि के साथ देखा.
कांग्रेस पार्टी ने बताया कि राहुल गांधी को टीवीएस और बीएमडब्ल्यू की साझेदारी में विकसित 450 सीसी मोटरसाइकिल देखकर विशेष खुशी हुई. पार्टी ने इसे भारतीय इंजीनियरिंग के लिए गर्व का क्षण बताया. राहुल ने इस सहयोग को भारत की तकनीकी क्षमता का उदाहरण बताया, जो वैश्विक मंच पर देश की पहचान को मजबूत करता है.
दौरे के दौरान जारी एक वीडियो में राहुल गांधी ने कहा कि भारत की मैन्युफैक्चरिंग लगातार गिरावट की ओर जा रही है, जबकि इसे बढ़ना चाहिए था. उन्होंने कहा कि किसी भी देश की सफलता की कुंजी उत्पादन में होती है. राहुल के मुताबिक, जब तक भारत बड़े पैमाने पर उत्पादन और मजबूत औद्योगिक ढांचे पर ध्यान नहीं देगा, तब तक टिकाऊ आर्थिक विकास संभव नहीं है.
यहां देखें वीडियो
LoP Shri @RahulGandhi visited BMW World in Munich, Germany, and took a guided tour of BMW Welt and the BMW Plant.
— Congress (@INCIndia) December 17, 2025
He was pleased to see TVS’s 450cc motorcycle, developed in partnership with BMW—a proud moment to witness Indian engineering on display.
Manufacturing is the… pic.twitter.com/iqiMCAQD23
राहुल गांधी ने कहा कि मैन्युफैक्चरिंग मजबूत होने से ही बड़े पैमाने पर गुणवत्तापूर्ण रोजगार पैदा होते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा नीतियों के कारण भारत इस दिशा में पिछड़ रहा है. राहुल का कहना था कि देश को ऐसे मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम की जरूरत है, जो युवाओं को स्थायी रोजगार दे सके और अर्थव्यवस्था को गति प्रदान करे.
बीएमडब्ल्यू दौरे के बाद राहुल गांधी बर्लिन पहुंचे, जहां वे 17 दिसंबर को इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के एक बड़े कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. इंडियन ओवरसीज कांग्रेस ने इसे वैश्विक स्तर पर पार्टी की पहुंच मजबूत करने की पहल बताया है. इस कार्यक्रम में यूरोप भर से आईओसी के पदाधिकारी शामिल होंगे और प्रवासी भारतीयों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी.