US Israel Iran War

'यही ED के लोग चुनाव के बाद मोदी से अडानी पर सवाल पूछेंगे...', राहुल गांधी ने किस ओर कर दिया इशारा

Rahul Gandhi vs Narendra Modi: बिहार की एक चुनावी रैली में राहुल गांधी ने कहा है कि चुनाव के बाद ईडी के ही लोग नरेंद्र मोदी से अडानी-अंबानी पर सवाल पूछेंगे. राहुल गांधी ने इस रैली में पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला.

Congress X Handle
India Daily Live

कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज चुनाव प्रचार के लिए बिहार पहुंचे थे. बिहार के बख्तियारपुर में आयोजित INDIA गठबंधन की रैली में राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर जमकर हमले बोले. पीएम मोदी के 'मुझे परमात्मा ने भेजा है..' वाले बयान पर तंज कसते हुए राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव के बाद जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के लोग मोदी से सवाल पूछेंगे तो वह यही बताएंगे कि ऐसा परमात्मा ने कहा था. अडानी-अंबानी के बहाने पीएम मोदी को घेरते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी ने 22-25 राजा बनाए हैं और 24 घंटे उन्हीं के लिए काम करते रहते हैं. राहुल गांधी के साथ इस रैली में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव भी शामिल हुए.

बिहार की इस रैली में राहुल गांधी ने कहा, 'ये लोग चाहते हैं कि जैसे यहां हिंदुस्तान में पहले राजाओं के समय में हुआ करता था, वैसे ही चलाया जाए. ये चाहते हैं कि दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों के सारे अधिकार छीन लिए जाएं और जैसे पहले 20-25 लोगों का राज चलता था, वैसे ही फिर से हो जाए और वही 20-25 लोग देश चलाएं. भाइयों और बहनों, 10 साल में नरेंद्र मोदी ने यही किया है.'


'ईडी करेगी मोदी से पूछताछ'

राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा, 'जानते हैं नरेंद्र मोदी ने परमात्मा वाली कहानी क्यों निकाली है? जब चुनाव के बाद ED के लोग नरेंद्र मोदी से अडानी के बारे में पूछेंगे, तो नरेंद्र मोदी कहेंगे कि मैं नहीं जानता, ये मुझसे परमात्मा ने कहा था.' दरअसल, हाल ही में पीएम मोदी ने एक इंटरव्यू में कहा था कि अब उन्हें भरोसा हो गया है कि वह बायोलॉजिकल चाइल्ड नहीं हैं, बल्कि उन्हें परमात्मा ने किसी विशेष काम से धरती पर भेजा है.