दिल्ली पुलिस ने 19 वर्षीय साहिल लोचव की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है. लोचव 20 जुलाई को दिल्ली में हुए प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पेललेट गन से घायल हुए थे. इस मामले में फिलहाल किसी व्यक्ति को नामजद आरोपी नहीं बनाया गया है. FIR दर्ज होने की कार्रवाई कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संसद मार्ग थाने में धरने के बाद हुई है.
राहुल गांधी शुक्रवार को साहिल लोचव के साथ पहले मंदिर मार्ग थाने पहुंचे थे और FIR दर्ज करने की मांग की थी. वहां कार्रवाई नहीं होने के बाद वह संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचे. उन्होंने मध्य दिल्ली के DCP सचिन शर्मा से मुलाकात की, लेकिन बातचीत से समाधान नहीं निकला. इसके बाद राहुल गांधी थाने में ही धरने पर बैठ गए. प्रियंका गांधी वाड्रा और जयराम रमेश समेत कई कांग्रेस नेता भी उनके साथ मौजूद रहे.
कांग्रेस के अनुसार, स्टाफ सेलेक्शन कमीशन की कथित पेपर लीक समस्या के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे साहिल लोचव का किसी राजनीतिक संगठन से संबंध नहीं था. आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पैलेट गन का इस्तेमाल किया, जिससे उनकी आंखों और पेट में चोटें आईं. बाद में उनका एम्स ट्रॉमा सेंटर में इलाज और सर्जरी कराई गई.
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा था कि पार्टी की मांग स्पष्ट है- पुलिस FIR दर्ज करे और उसका नंबर उपलब्ध कराए. पार्टी नेताओं का आरोप था कि साहिल ने 14 अगस्त को अपने वकीलों के साथ पुलिस को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन उस समय FIR दर्ज नहीं की गई. 17 अगस्त को ईमेल और फोन के जरिए भी मामले को आगे बढ़ाया गया, लेकिन जवाब नहीं मिला.
राहुल गांधी ने कथित पैलेट गन के इस्तेमाल को गंभीर मामला बताते हुए सवाल उठाया था कि घायल युवक की शिकायत पर FIR क्यों नहीं दर्ज की गई. कांग्रेस ने बीजेपी पर मामले को भटकाने और जिम्मेदारी से बचने का आरोप भी लगाया. अब FIR दर्ज होने के बाद पुलिस की जांच यह तय करेगी कि प्रदर्शन के दौरान पैलेट से चोट कैसे लगी और इसके लिए जिम्मेदार कौन था.