Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026

पंजाब के फिरोजपुर में कार पर बाइक सवारों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, 3  की मौत, दो घायल

Firozpur Murder Case: फिरोजपुर में एक कार पर हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई है. दिनदहाड़े हुए इस हमले में दो लोग बुरी तरह से घायल भी हुए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, यह आपसी रंजिश का मामला है और पुलिस इसकी विस्तार से जांच कर रही है.

ANI
India Daily Live

पंजाब के फिरोजपुर में तीन लोगों की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई है. रिपोर्ट के मुताबिक, कार सवार लोगों पर बाइक से आए 6 लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की जिसके चलते 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. इस गोलीबारी में दो लोग घायल हुए हैं जिनका इलाज चल रहा है. पुलिस का कहना है कि यह आपसी रंजिश लग रही है. पुलिस ने CCTV फुटेज जुटा लिया है और इस मामले की जांच शुरू की है. इस गोलीबारी में मारे गए लोगों में से एक का क्रिमिकल रिकॉर्ड भी है.

फिरोजपुर रेंज के डीआईजी अजय मलुजा ने बताया है, 'ये एक ट्रिपल मर्डर है. हम पड़ताल कर रहे हैं. मरने वालों में आकाशदीप, दिलप्रीत और एक लड़की जसप्रीत कौर है. दिलप्रीत और जसप्रीत बहन-भाई हैं.  दिलप्रीत की क्रिमिनल हिस्ट्री है. इसके खिलाफ 302 के दो मुकदमे दर्ज हैं. यह आपसी दुश्मनी का ही मामला लग रहा है. बाकी जानकारी बाद में सामने आएगी. ये गैंगवार नहीं है, पुरानी रंजिश ही है. कुल पांच लोग थे, जिसमें से दो घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है.'

बाइक से आए थे 6 हमलावर

उन्होंने आगे कहा, 'हमने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर भी ली है. हमलावर बाइक से आए थे, कुल 6 लोग थे. ये सारे लोग फिरोजपुर के ही रहने वाले हैं. फिलहाल, विस्तार से जांच की जा रही है जल्द ही सारी जानकारी दी जाएगी.' घटना के बाद मृतकों की कार की तस्वीर सामने आई है. तस्वीर में देखा जा सकता है कि कम से 8 से 10 गोलियां सामने के शीशे को आर-पार हो गई हैं. इसी तरह से दोनों तरफ से भी गोलीबारी की गई है.

बताया गया है कि यह हमला उस वक्त हुआ जब ये सभी लोग गुरुद्वारे से बाहर आकर कार में बैठ रहे थे. ये लोग शादी की शॉपिंग के लिए जाने वाले थे, तभी गुरुद्वारे के पास आए बाइक सवारों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है. यह भी कहा जा रहा है कि जिस लड़की की जान गई है, एक महीने बाद उसी की शादी होनी थी.