menu-icon
India Daily

देशभर में बदलेगा मौसम का मिजाज, 15 राज्यों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट

देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का स्वरूप तेजी से बदल रहा है. पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं, जबकि दिल्ली, राजस्थान समेत कई इलाकों में गर्मी से राहत मिलने के संकेत हैं.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
देशभर में बदलेगा मौसम का मिजाज, 15 राज्यों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट
Courtesy: ANI

देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. एक ओर असम और अरुणाचल प्रदेश समेत पूर्वोत्तर के कई राज्य बाढ़ की गंभीर स्थिति का सामना कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उत्तर भारत के कुछ इलाकों में भीषण गर्मी के बीच अब राहत की उम्मीद जगी है. 

भारतीय मौसम विभाग ने अगले 12 घंटों के दौरान देश के 15 राज्यों में तेज बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. कई स्थानों पर हवा की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

सक्रिय मौसमी सिस्टम से बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर तेलंगाना और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण अभी भी सक्रिय है. इसके अलावा पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर भी ऊपरी स्तर पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से देश के कई हिस्सों में वर्षा की गतिविधियां तेज होने की संभावना है.

हालांकि उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी और म्यांमार तट के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण अब कमजोर पड़ गया है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही उमस और गर्मी के बीच राहत के संकेत मिले हैं. मौसम विभाग ने 30 जून और 1 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. 

उत्तर प्रदेश और बिहार में भारी बारिश की चेतावनी

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. आगरा, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली सहित अनेक जिलों में तेज वर्षा के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. बिहार में भी मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए भारी बारिश और आंधी की चेतावनी दी है. 

राजस्थान, पश्चिम बंगाल और दक्षिण में भी बारिश

राजस्थान में फिलहाल कुछ संभागों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, लेकिन दो जुलाई से बारिश का दौर तेज होने की संभावना है. जयपुर समेत कई क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर अच्छी बारिश हो सकती है. पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, कूचबिहार और अलीपुरद्वार में अत्यधिक वर्षा को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है. दक्षिण भारत में केरल के उत्तरी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अधिकांश अन्य जिलों में येलो अलर्ट लागू है. तमिलनाडु के चेन्नई, नीलगिरि, कोयंबटूर और आसपास के इलाकों में भी तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है.