Video: कलयुगी बेटों ने बुजुर्ग माता-पिता पिता को डंडे से पीटा, जमीन बेचने से नाराज
पुणे के इंदापुर में जमीन बेचने से नाराज दो बेटों ने अपने 65 वर्षीय पिता और बीमार मां पर लाठियों से हमला कर दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
महाराष्ट्र के पुणे जिले की इंदापुर तहसील के तरंगवाड़ी गांव से एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां दो बेटों ने अपनी मां के नाम की जमीन बेचे जाने से नाराज होकर अपने बुजुर्ग माता-पिता पर लाठियों से हमला कर दिया. 65 वर्षीय किसान तुकाराम राउत द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, यह घटना 30 अगस्त की शाम को हुई जब वह अपनी बीमार पत्नी अंजना के साथ टहलने निकले थे.
गाड़ी से आकर लाठियों से हमला
मालवाड़ी में अपने परिवारों के साथ अलग रहने वाले दोनों आरोपी बेटे कार से वहां पहुंचे और माता-पिता से मां के नाम की जमीन बेचने का कारण पूछते हुए बहस करने लगे. इसके बाद दोनों ने अपने बुजुर्ग माता-पिता पर लकड़ी के डंडों से हमला कर दिया. इस हमले में तुकाराम के चेहरे, पीठ, जांघ और कंधे पर गंभीर चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी के कलाई और कमर में चोट पहुंची है.
Also Read
जान से मारने की धमकी
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मारपीट करने के साथ-साथ बुजुर्ग दंपत्ति को गाली-गलौज की और जमीन का सौदा रद्द न करने पर जान से मारने की धमकी भी दी. घटना के बाद आसपास के स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया. इसके बाद घायल दंपत्ति को इलाज के लिए इंदापुर के उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया.
पुलिस ने दर्ज किया केस
इंदापुर पुलिस स्टेशन में दोनों भाइयों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.