'झालमुड़ी मैंने खाई, मिर्ची TMC को लगी', कृष्णानगर रैली में पीएम मोदी ने टीएमसी पर कसा तीखा तंज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृष्णानगर रैली में टीएमसी पर निशाना साधते हुए कहा- 'झालमुड़ी मैंने खाई, मिर्ची टीएमसी को लगी'. उन्होंने चुनाव आयोग की तारीफ की और कहा कि बंगाल में 50 साल में सबसे कम हिंसा देखी गई.

ani
Kuldeep Sharma

कृष्णानगर: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृष्णानगर में जनसभा को संबोधित किया. रैली में पीएम मोदी ने तृणमूल कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि झालमुड़ी उन्होंने खाई, लेकिन उसकी मिर्ची टीएमसी को लग गई. उन्होंने राज्य में बदलाव की मांग को रेखांकित करते हुए कहा कि अब बंगाल में कमल खिलने वाला है.

चुनाव आयोग की तारीफ

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने चुनाव आयोग की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि पिछले 50 सालों में यह पहला चुनाव है जिसमें हिंसा लगभग शून्य रही. प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले यहां हर हफ्ते किसी न किसी को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या बताने की परंपरा थी. इसके साथ ही पीएम मोदी ने सरकारी कर्मचारियों की भी प्रशंसा की. उन्होंने बताया कि मतदान प्रतिशत पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ रहा है.

BJP का चुनावी आह्वान

पीएम मोदी ने कहा कि पूरे बंगाल में लोग बदलाव चाहते हैं. इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि भाजपा का कमल अब बंगाल में खिलने वाला है. पीएम मोदी ने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि कई जिलों में तृणमूल कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल पाएगी. उन्होंने राज्य की जनता से भाजपा को समर्थन देने की अपील की.

झालमुड़ी वाला तंज

रैली के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने झालमुड़ी का जिक्र करते हुए कहा, 'झालमुड़ी मैंने खाई, मिर्ची टीएमसी को लगी'. इससे पहले झारग्राम में प्रचार के दौरान पीएम मोदी झालमुड़ी खाते नजर आए थे, जिसे लेकर विपक्ष ने उन पर तंज कसा था. अब मोदी ने उसी मुद्दे को टीएमसी के खिलाफ इस्तेमाल किया. पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल में अब कानून का राज कायम हो रहा है और गुंडागर्दी का दौर खत्म होने वाला है. उन्होंने चुनाव आयोग और स्थानीय प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस बार मतदान शांतिपूर्ण और रिकॉर्ड स्तर पर हो रहा है.