menu-icon
India Daily

PM मोदी आज AI महाकुंभ का करेंगे उद्घाटन, भारत बनेगा दुनिया का AI लीडर! फ्रांस के राष्ट्रपति और UN चीफ भी होंगे शामिल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का शुभारंभ करेंगे. इस वैश्विक सम्मेलन में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस और दुनिया भर के कई शीर्ष उद्योगपति शामिल होंगे.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
PM मोदी आज AI महाकुंभ का करेंगे उद्घाटन, भारत बनेगा दुनिया का AI लीडर! फ्रांस के राष्ट्रपति और UN चीफ भी होंगे शामिल
Courtesy: ani

नई दिल्ली में आज एक ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह करीब 9:40 बजे भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का उद्घाटन करेंगे और 10:25 बजे संबोधन देंगे. इस समिट में दुनिया भर के राष्ट्राध्यक्ष, मंत्री, वैज्ञानिक, शोधकर्ता और सीईओ एक मंच पर होंगे. प्रधानमंत्री पहले वैश्विक नेताओं का स्वागत करेंगे और परिवारिक फोटो भी खिंचवाई जाएगी. समिट का उद्देश्य एआई को मानवता के हित में इस्तेमाल करना, समावेशी विकास को बढ़ावा देना और पर्यावरण की रक्षा करना है. 

उद्घाटन समारोह और वैश्विक नेताओं की मौजूदगी

प्रधानमंत्री मोदी उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि होंगे. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस भी संबोधन देंगे. दुनिया के कई शीर्ष उद्योगपति मंच साझा करेंगे. सुबह 9:15 बजे प्रधानमंत्री वैश्विक नेताओं का स्वागत करेंगे और सामूहिक तस्वीर खिंचवाई जाएगी. यह सत्र एआई के भविष्य पर महत्वपूर्ण चर्चा का मंच बनेगा.

इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो का दौरा

उद्घाटन के बाद सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री अन्य नेताओं के साथ इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो का दौरा करेंगे. इसमें कई देश शामिल हो रहे हैं, जहां लेटेस्ट एआई तकनीकों और नवाचारों का प्रदर्शन होगा. यह एक्सपो एआई के व्यावहारिक उपयोग और वैश्विक सहयोग को दिखाने का बेहतरीन माध्यम बनेगा.

 लीडर्स प्लेनरी में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्राथमिकताएं

दोपहर 12 बजे प्रधानमंत्री लीडर्स प्लेनरी में शामिल होंगे. इस सत्र में राष्ट्राध्यक्ष, मंत्री और बहुपक्षीय संस्थाओं के प्रतिनिधि एआई पर राष्ट्रीय व वैश्विक प्राथमिकताओं पर चर्चा करेंगे. शासन ढांचा, बुनियादी ढांचा विकास और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसे मुद्दों पर गहन मंथन होगा. यह सत्र नीतिगत दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगा. 

सीईओ राउंडटेबल में निवेश और सहयोग पर फोकस

शाम 5:30 बजे से प्रधानमंत्री सीईओ राउंडटेबल में हिस्सा लेंगे. वैश्विक तकनीकी कंपनियों के शीर्ष कार्यकारी और सरकारी नेता निवेश के अवसर, शोध सहयोग, सप्लाई चेन और बड़े पैमाने पर एआई तैनाती पर बात करेंगे. यह बैठक भारत में एआई से जुड़े कारोबार को नई गति देने वाली साबित हो सकती है.