'ये वाला चाहिए', झालमुड़ी देखते ही बोल उठे PM मोदी; शुभेंदु अधिकारी ने बढ़ाया हाथ

दिल्ली के भारत मंडपम में एनडीए बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सहज अंदाज चर्चा में रहा. झालमुड़ी का स्वाद लेते हुए उन्होंने सहयोगी नेताओं से बातचीत की. इसी बैठक में उनके रिकॉर्ड कार्यकाल पर भी बधाई दी गई.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन की बैठक में इस बार राजनीतिक चर्चा के साथ हल्के-फुल्के पल भी देखने को मिले. दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल की मशहूर झालमुड़ी का स्वाद लिया और सहयोगी दलों के नेताओं के साथ अनौपचारिक बातचीत की. इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. 

एनडीए की अहम बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक अलग और सहज रूप देखने को मिला. कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न राज्यों की पहचान से जुड़े व्यंजनों की व्यवस्था की गई थी. इसी दौरान प्रधानमंत्री की नजर पश्चिम बंगाल की प्रसिद्ध झालमुड़ी पर पड़ी. उन्होंने मुस्कुराते हुए इसे लेने की इच्छा जताई, जिसके बाद वहां मौजूद नेताओं के बीच भी हंसी का माहौल बन गया. इस दौरान पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने उन्हें झालमुड़ी दी.

वीडियो हुआ सोशल मीडिया पर वायरल

बैठक के दौरान का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हो रही है. वीडियो में प्रधानमंत्री नेताओं के साथ हल्के अंदाज में बातचीत करते दिखाई देते हैं. झालमुड़ी लेते समय उनकी प्रतिक्रिया ने लोगों का ध्यान खींचा. बाद में प्रधानमंत्री ने भी इस पल को साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने एनडीए सहयोगियों के साथ झालमुड़ी का आनंद लिया.


रिकॉर्ड कार्यकाल पर मिली बधाई

बैठक में मौजूद नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने की उपलब्धि के लिए बधाई दी. 10 जून तक उन्होंने 4399 दिन का कार्यकाल पूरा कर लिया. इस उपलब्धि के बाद राजनीतिक गलियारों में उनके लंबे नेतृत्व और शासन शैली को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है.

एनडीए नेताओं ने जताया समर्थन

बैठक में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और गठबंधन सहयोगी शामिल हुए. नेताओं ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना की और भविष्य में भी मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई. कार्यक्रम के दौरान समूह फोटो भी खिंचवाई गई. बैठक का माहौल औपचारिक होने के साथ-साथ सौहार्दपूर्ण भी दिखाई दिया.

नेहरू के रिकॉर्ड से आगे निकले मोदी

प्रधानमंत्री मोदी अब लगातार सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रधानमंत्री बन चुके हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड पंडित जवाहरलाल नेहरू के नाम था. प्रधानमंत्री कार्यालय ने इसे स्थिर शासन, निरंतर नेतृत्व और विकास के प्रति समर्पण का प्रतीक बताया है. भाजपा और एनडीए नेताओं ने भी इसे ऐतिहासिक उपलब्धि करार दिया.