अच्छी खबर: रोजगार मेले में PM मोदी ने बांटे 51 हजार से ज्यादा नियुक्ति पत्र, अब तक 12 लाख युवाओं को मिली नौकरी
प्रधानमंत्री Narendra Modi ने 19वें रोजगार मेले में 51 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए. देशभर के 47 केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रम के जरिए अब तक करीब 12 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां मिल चुकी हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आयोजित 19वें रोजगार मेले के दौरान देश भर के युवाओं को बड़ी सौगात दी. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रधानमंत्री ने 51000 से अधिक नव-नियुक्त उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र वितरित किए. यह रोजगार मेला देश भर के 47 अलग-अलग केंद्रों पर एक साथ आयोजित किया गया.
सरकारी विभागों में भर्ती तेज करना है मकसद
केंद्र सरकार की ओर से आयोजित इस भर्ती अभियान का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और सरकारी विभागों में भर्ती प्रक्रिया को तेज करना है. चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति रेलवे, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, उच्च शिक्षा और वित्तीय सेवाओं समेत केंद्रीय विभागों में की गई है.
प्रधानमंत्री ने दोहराई सरकार की प्रतिबद्धता
सरकारी अधिकारियों के मुताबिक देश भर के विभिन्न हिस्सों से चुने गए उम्मीदवार अलग-अलग सरकारी कार्यालयों और संस्थानों में अपनी सेवाएं देंगे. इस दौरान प्रधानमंत्री ने नव-नियुक्त युवाओं को संबोधित करते हुए रोजगार सृजन और युवा सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई. कार्यक्रम से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि देश के युवाओं के उज्जवल भविष्य और सशक्तिकरण के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि रोजगार मेलों के जरिए युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर दिए जा रहे हैं.
अब तक वितरित हुए 12 लाख नियुक्ति पत्र
सरकार के मुताबिक रोजगार मेला पहल शुरू होने के बाद अब तक देश भर में आयोजित 18 रोजगार मेलों के माध्यम से करीब 12 लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं. केंद्र सरकार ने दावा किया है कि पहल से सरकारी विभागों में भर्ती प्रक्रिया तेज हुई है और युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं.