नई दिल्ली: रक्षाबंधन के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बच्चों के साथ एक अलग ही अंदाज देखने को मिला. लोक कल्याण मार्ग स्थित उनके आवास पर जेन-अल्फा के कई बच्चे राखी बांधने पहुंचे. किसी ने अपने हाथों से राखी बनाई थी, तो किसी ने AI से जुड़ी राखी तैयार की. बच्चों ने प्रधानमंत्री से अपनी पढ़ाई और रुचियों पर बात की. इस दौरान मोदी ने भी बच्चों से कई सवाल पूछे और उनकी मासूम बातों पर हंसी-मजाक करते नजर आए.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मुलाकात का करीब तीन मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया. वीडियो में बच्चे उत्साह के साथ उन्हें राखियां बांधते दिखाई दिए. एक बच्ची ने बताया कि वह कमल वाली राखी लेकर आई है. वहीं, एक अन्य बच्ची ने अपने हाथ से राखी तैयार की थी. उसने कहा कि प्रधानमंत्री को प्रकृति से लगाव है, इसलिए उसने उनके लिए खास राखी बनाई.
मुलाकात में तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भी चर्चा हुई. एक जेन-अल्फा छात्र ने पीएम मोदी को AI से जुड़ी राखी बांधी. बच्चे ने कहा कि प्रधानमंत्री अक्सर AI फॉर ऑल की बात करते हैं. उसने जिम्मेदारी के साथ AI सीखने, समझने और उसका सही इस्तेमाल करने की बात कही. प्रधानमंत्री ने बच्चों से उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं को लेकर भी बातचीत की.
बच्चों के साथ बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने एक बच्ची से खाने-पीने को लेकर मजेदार सवाल किया. उन्होंने पूछा कि क्या वह करेला नहीं खाती. बच्ची ने तुरंत जवाब दिया कि उसका भाई भी करेला नहीं खाता और कोई भी करेला नहीं खाता. बच्ची की मासूम बात सुनकर वहां मौजूद लोग मुस्कुराने लगे. बातचीत का यह हिस्सा बच्चों के साथ प्रधानमंत्री के सहज और हल्के-फुल्के अंदाज को दिखाता है.
एक बच्ची ने प्रधानमंत्री को बताया कि वह महाकाल के दर्शन के लिए जाने वाली है. इस पर मोदी ने उससे पूछा कि वह कब जाएगी. फिर मुस्कुराते हुए उन्होंने बच्ची से अपने लिए महाकाल का प्रसाद लाने को कहा. बच्ची ने भी उत्साह से इसका जवाब दिया. इस छोटी बातचीत में प्रधानमंत्री बच्चों के साथ बिल्कुल सहज नजर आए.
रक्षाबंधन कार्यक्रम में कुछ बच्चों ने प्रधानमंत्री के लिए कविताएं भी तैयार की थीं. उन्होंने अपनी लिखी कविताएं मोदी को सुनाईं. प्रधानमंत्री ने ध्यान से उनकी बातें सुनीं और उनका उत्साह बढ़ाया. मुलाकात में बच्चों की मासूमियत, उनकी रचनात्मकता और तकनीक के प्रति उत्सुकता साफ दिखाई दी. प्रधानमंत्री ने इन खास पलों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए.