IIT खड़गपुर से PM मोदी का बड़ा संदेश, 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को IIT खड़गपुर के 75वें स्थापना दिवस यानी प्लैटिनम जुबली समारोह को संबोधित किया.
खड़गपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को IIT खड़गपुर के 75वें स्थापना दिवस यानी प्लैटिनम जुबली समारोह को संबोधित किया. खराब मौसम के कारण देरी से पहुंचे पीएम ने छात्रों से क्षमा मांगते हुए कहा कि "भारत के अतीत, वर्तमान और भविष्य" सब इस संस्थान से जुड़े हैं. पीएम ने कहा कि जिस जमीन पर IIT खड़गपुर बना है, वहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों का डिटेन्शन कैम्प था. दशकों पहले इसी धरती पर सेल्फ-रूल की आकांक्षा थी. आज इसी भूमि पर सेल्फ-रिलायंस का संकल्प दिखाई दे रहा है. तब फ्रीडम का सपना था, आज फ्यूचर बनाने का अवसर है. आकांक्षा से आत्मनिर्भरता तक का ये सफर ही विकसित भारत की असली ऊर्जा है.
गरीबी और सेमीकंडक्टर पर तोड़ी सोच की सीमा:
पीएम ने लिमिटिंग बिलिफ्स यानी सोच की सीमाओं को तोड़ने का आह्वान किया. उन्होंने 2 बड़े उदाहरण दिए:
1. गरीबी उन्मूलन: 20 साल पहले गरीबी को परमानेंट प्रॉब्लम्स माना जाता था. जब मैंने लाल किले से कहा शौचालय बनाऊंगा, तो लोग मजाक उड़ाते थे. लेकिन 12 साल में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले. ये वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट है. ये ब्रेक द लिमिट का नतीजा है.
Also Read
2. सेमीकंडक्टर मिशन: 50 साल पहले एक कंपनी को लाल झंडा दिखाकर भगा दिया गया था. जब हमने सेमीकंडक्टर मिशन शुरू किया तो कहा गया 'देर हो गई'. लेकिन 4 साल में भारत में कई फैसिलिटी शुरू हुईं और आज हम चिप्स एक्सपोर्ट कर रहे हैं. चिप से लेकर शिप तक, सब यहीं होगा- आप जैसे नौजवानों के हाथों से.
स्पेस सेक्टर युवाओं के लिए खोल दिया:
पीएम ने कहा कि पहले इसरो के बाहर युवाओं के लिए कोई मौका नहीं था. हमने स्पेस सेक्टर को ओपन किया. नतीजा - IIT खड़गपुर के स्टूडेंट पवन ने स्काईरूट एरोस्पेस बनाकर भारत का पहला प्राइवेट रॉकेट लॉन्च किया.
पीएम ने छात्रों को नेशन फर्स्ट का मंत्र दिया. उन्होंने कहा- आने वाले 2 दशक आपके सबसे प्रोडक्टिव साल होंगे. 2047 तक आप में से कई लीडरशिप में होंगे. मेरा आपसे आग्रह है कि 100वें वर्ष का जश्न हम विकसित भारत में मनाएं. 25-27 में यहां बंद सेनानियों ने 20 साल में आजादी का संकल्प लिया था. आज यहीं से 20 साल में विकसित भारत का संकल्प लें. हम करके रहेंगे. स्वामी विवेकानंद के "उठो, जागो और लक्ष्य तक मत रुको" के साथ पीएम ने अपना भाषण समाप्त किया.
समारोह में कौन-कौन मौजूद:
कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस, नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी, केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार, राज्य मंत्री जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, IIT-KGP के चेयरमैन टी.वी. नरेंद्रन और डायरेक्टर सुमन चक्रवर्ती मौजूद रहे. पीएम ने हॉल्स के बीच दीवाली इलुमिनेशन प्रतियोगिता के विजेताओं को भी बधाई दी.