पिस्टल की नोक पर नमकीन के पैकेट की लूट, सीसीटीवी फुटेज आया सामने

पंजाब के फिरोजपुर जिले से लूट की एक हैरान कर देने वाली खबर आई है, जहां लुटेरों ने पिस्टल की नोक पर नमकीन के पैकेट लूट लिए. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

x
Kamal Kumar Mishra

Punjab: पंजाब के फिरोजपुर जिले के सतिये वाला चौक से एक अजीब घटना सामने आई है, जहां दो नकाबपोश लुटेरों ने एक किराने की दुकान में घुसकर पिस्टल की नोक पर भुजिया के पैकेट लूट लिए. यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जो अब पुलिस के हाथ में है.

घटना के अनुसार, लुटेरे बाइक पर सवार होकर आए और सीधे दुकान में दाखिल हो गए. उन्होंने दुकान के मालिक पर पिस्टल तान दी और उसे धमकाना शुरू कर दिया. डर के मारे दुकानदार साहिल तुरंत अपने घर की तरफ भाग खड़ा हुआ. इस दौरान, एक लुटेरे ने पिस्टल से गोली भी चलाई, जो दुकान के भीतर रखे सामान पर जा लगी.

नमकीन-भुजिया की लूट

लुटेरों ने पहले दुकान के कीमती सामान को चुराने की कोशिश की, लेकिन जब उन्हें कुछ नहीं मिला, तो उन्होंने वहां रखा नमकीन भुजिया का पैकेट उठाया और मौके से फरार हो गए. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. 

लुटेरों की हरकतों से दुकानदार हैरान

घटना के बाद दुकानदार ने पुलिस को सूचित किया और पुलिस मौके पर पहुंची. दुकानदार साहिल और उनके पिता नरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि लुटेरे बाइक पर आए थे और उनके हाथ में पिस्टल थी. सीसीटीवी फुटेज में लुटेरों की हरकतें पूरी तरह से कैद हो गई हैं, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है. 

पुलिस सीसीटीवी के आधार पर जांच शुरू की

इस अजीब लूट की घटना ने यह सवाल खड़ा किया है कि क्या ये लुटेरे किसी बड़े अपराध की योजना बना रहे थे, या यह सिर्फ एक मजाकिया किस्म की लूट थी. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में कर लिया है.