मुंबई में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई इलाकों में जलजमाव; ऑरेंज अलर्ट के बीच हाई अलर्ट पर प्रशासन
मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है. कई निचले इलाकों में जलभराव, अंधेरी सबवे बंद होने और हार्बर लाइन की लोकल सेवाओं में बाधा से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
मुंबई में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. बुधवार सुबह से शहर के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर जारी है, जबकि बीते दो दिनों से लगातार हो रही वर्षा ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित कर दिया है. दक्षिण मुंबई के परेल, दादर, सायन, बायकुला, कोलाबा और मरीन लाइन्स समेत कई इलाकों में रातभर तेज बारिश हुई.
पश्चिमी और पूर्वी उपनगरों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिसके कारण अंधेरी, कुर्ला, बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) और मुलुंड जैसे क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति बन गई. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार तक शहर के कई हिस्सों में तेज वर्षा जारी रह सकती है. विशेषज्ञों का कहना है कि कोंकण तट के पास सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण मानसून फिर से मजबूत हुआ है, जिससे पूरे क्षेत्र में बारिश की तीव्रता बढ़ गई है. इसे देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है. दादर, अंधेरी, कुर्ला और सायन जैसे निचले क्षेत्रों में जलभराव की आशंका को देखते हुए बृहन्मुंबई नगर निगम ने विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है. जल निकासी व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके.
Also Read
बारिश के कारण यातायात प्रभावित
रातभर हुई मूसलाधार बारिश का सबसे अधिक असर अंधेरी सबवे पर देखने को मिला. भारी जलभराव के कारण पूर्व और पश्चिम मुंबई को जोड़ने वाला यह महत्वपूर्ण मार्ग एक बार फिर बंद करना पड़ा. इसके बाद पुलिस ने यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर मोड़ दिया ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो.
इस सप्ताह की शुरुआत में भी अंधेरी सबवे में जलभराव हुआ था. हालांकि दिन के समय पानी निकल गया था, लेकिन रात में हुई नई बारिश के कारण स्थिति दोबारा बिगड़ गई. भारी बारिश के बावजूद फिलहाल मुंबई में स्कूलों और कॉलेजों को बंद करने का कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है. बृहन्मुंबई नगर निगम और जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिक्षण संस्थान सामान्य रूप से संचालित होंगे.