भीषण गर्मी से राहत के लिए चलाया था AC, उसी में लग गई आग, नोएडा की सोसायटी की तस्वीरें डरा देंगी
Fire Accident: नोएडा सेक्टर 100 की लोटस बुलवार्ड सोसायटी के एक फ्लैट में आग लगने के बाद कई अन्य फ्लैट भी आग की चपेट में आ गए हैं. हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि आग लगने के चलते काला धुआं उठ रहा है.
लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही गर्मी के बीच आग लगने की घटनाएं भी खूब सामने आ रही हैं. आज सुबह-सुबह नोएडा सेक्टर 100 की एक सोसायटी में भीषण आग लग गई. रिपोर्ट के मुताबिक, लोटस बुलवार्ज सोसायटी के एक फ्लैट में लगे एसी में धमाका होने के बाद आग लग गई. देखते ही देखते इस आग ने कई और फ्लैट्स को अपनी जद में ले लिया. सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि आग कई फ्लोर पर फैली हुई है और चारों ओर काला धुआं फैलता जा रहा है.
भीषण गर्मी के बीच आग लगने की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं. दिल्ली में एक ही दिन में आग लगने की सैकड़ों घटनाएं सामने आ रही हैं. ज्यादा गर्मी से बचने के लिए लोग दिनभर AC चला रहे हैं. इसका नतीजा यह हो रहा है कि AC कई बार खराब हो जा रहे हैं या फिर उनमें आग लग जा रही है. बताया जा रहा है कि लोटस बुलवार्ड सोसायटी के जिस फ्लैट में आग लगी उसमें भी पहले AC में धमाका हुआ था.
Also Read
- 500 ग्राम सोने के साथ दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़ा गया शशि थरूर का PA, भाजपा ने कसा 'तस्कर' वाला तंज
- Pune Porsche Accident: 'मंत्री के कहने पर...', दावा करने वाले अस्पताल के डीन का ट्रांसफर, क्या बोले हसन मुश्रीफ?
- 'आप मस्जिद हटा लीजिए, आपके प्रति हिंदुओं की भावनाएं बदल जाएंगी', काशी-मथुरा ईदगाह को लेकर बोले हिमंत सरमा
फैलती जा रही है आग
आग लगने के बाद अगल-बगल के फ्लैट में मौजूद लोग भी भागकर नीचे पहुंच गए. आशंका जताई जा रही है कि अगर इस आग को जल्दी से नहीं बुझाया गया तो कई अन्य फ्लैट भी इस आग का शिकार हो सकते हैं. वीडियो में ही देखा जा सकता है कि आग बहुत भीषण है और तेजी से फैलती जा रही है. फिलहाल, आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं.
अभी कुछ दिन पहले ही नोएडा सेक्टर 39 के एक सरकारी अस्पताल के बेसमेंट में इसी तरह से आग लगी थी. इन्वर्टर की बैटरी में ब्लास्ट होने के बाद वहां आग लग गई थी. गाजियाबाद के इंदिरापुरम के एक फ्लैट में एसी में धमाका होने के बाद आग लगने की घटना सामने आई थी. गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था.