BJP New Team: BJP में बड़ा फेरबदल! हरीश द्विवेदी-सतीश पूनिया समेत इन नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राष्ट्रीय संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए नई टीम का ऐलान किया है. पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ कई नए चेहरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं.

Pinterest
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राष्ट्रीय संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए नई टीम का ऐलान किया है. पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ कई नए चेहरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं. इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की राष्ट्रीय महासचिव के तौर पर वापसी सबसे ज्यादा चर्चा में है.

बीजेपी ने युवा, महिला, OBC, किसान, SC, ST और अल्पसंख्यक मोर्चों के नए राष्ट्रीय अध्यक्षों की भी घोषणा की है. साथ ही संगठन, मीडिया और सोशल मीडिया से जुड़े पदों में भी बदलाव किया गया है. बीजेपी ने अपने सभी प्रमुख मोर्चों के लिए नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किए हैं. चलिए जानते हैं किसे मिली कौन-सी जानकारी.

किसे मिली और कौन-सी जानकारी:

युवा मोर्चा की जिम्मेदारी गुजरात के डॉ. हेमांग जोशी को मिली है. महिला मोर्चा की कमान छत्तीसगढ़ की रूप कुमारी चौधरी को दी गई है. इसी तरह OBC मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य, किसान मोर्चा के अध्यक्ष बंसीलाल गुर्जर और SC मोर्चा के अध्यक्ष शिवेश कुमार राम बनाए गए हैं. वहीं, राजस्थान के उदयपुर से सांसद डॉ. मन्नालाल रावत को ST मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है. अल्पसंख्यक मोर्चा की जिम्मेदारी कुंवर बासित अली को सौंपी गई है.


स्मृति ईरानी समेत इन नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी:

नई राष्ट्रीय टीम में स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है. उनके अलावा विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को भी राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी मिली है. बी.एल. संतोष राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के पद पर बने रहेंगे. शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री बनाया गया है.

राज्यों पर भी खास फोकस:

नई टीम के ऐलान के बाद बीजेपी ने महत्वपूर्ण राज्यों के लिए भी प्रभारियों की नियुक्ति की है. उत्तर प्रदेश में विनोद तावड़े को प्रभारी और जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी बनाया गया है. पंजाब की जिम्मेदारी सतीश पूनिया को और गुजरात की जिम्मेदारी तरुण चुघ को दी गई है. यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब बीजेपी कई राज्यों में आने वाले चुनावों को ध्यान में रखते हुए अपने संगठन को मजबूत कर रही है.

सोशल मीडिया पर भी बड़ा बदलाव:

बीजेपी ने डिजिटल और सोशल मीडिया संगठन में भी बदलाव किया है. दीपक म्हास्के को सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है. इसके साथ पार्टी ने मीडिया टीम में भी नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की है. पार्टी की नई टीम में अलग-अलग राज्यों और सामाजिक समूहों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश दिखाई देती है. बीजेपी का फोकस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को तेज करने पर है.

BJP की नई टीम में क्या है खास?

नितिन नबीन की नई टीम में जहां पुराने और अनुभवी नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं, वहीं कई नए चेहरों को भी संगठन में जगह दी गई है. स्मृति ईरानी की वापसी, मोर्चों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति और सोशल मीडिया टीम में बदलाव को बीजेपी की आगे की संगठनात्मक रणनीति के महत्वपूर्ण हिस्से के तौर पर देखा जा रहा है.