New Year eve: मेट्रो में पाबंदियां, शराबियों पर नजर, 31 दिसंबर की रात में निकलने से पहले जान लें दिल्ली पुलिस की यातायात सलाह

दिल्ली पुलिस द्वारा जारी परामर्श के अनुसार, किसी भी वाहन को मंडी हाउस, बंगाली मार्केट और अन्य प्रमुख चौराहों से आगे कनॉट प्लेस क्षेत्र में जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी. यह क्षेत्र केवल वैध पास वाले वाहनों के लिए खुला रहेगा जो कनॉट प्लेस के आंतरिक, मध्य या बाहरी सर्किल में प्रवेश कर सकेंगे.

Social Media
Gyanendra Sharma

दिल्ली पुलिस ने मंगलवार रात 31 दिसंबर को राष्ट्रीय राजधानी में नए साल के जश्न के मद्देनजर जनता के लिए यातायात सलाह जारी की है. दिल्ली के कनॉट प्लेस, इंडिया गेट और हौज खास नए साल की पूर्व संध्या पर जश्न मनाने के लिए लोकप्रिय स्थान हैं जहां लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ नए साल का स्वागत करने आते हैं. दिल्ली पुलिस ऐसे क्षेत्रों के आसपास सुचारू यातायात प्रवाह और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय कदम उठाएगी.

वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली यातायात पुलिस के पास करीब 2,500 कर्मचारी होंगे. नए साल की पूर्व संध्या पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर नजर रखने के लिए करीब 250 टीमें भी बनाई जाएंगी. इसके अलावा, 11 CAPF कंपनियों और 40 मोटरसाइकिल गश्ती दलों के साथ-साथ इतनी ही संख्या में पैदल गश्ती दलों को भी सेवा में लगाया गया है. नए साल की पूर्व संध्या पर रात 8 बजे के बाद से लेकर समारोह के समापन तक, यानी आधी रात के बाद तक, कॉनॉट प्लेस और उसके आसपास यातायात नियंत्रण उपाय लागू रहेंगे.

इन मार्केट में नहीं जाएंगे गांड़ियां

दिल्ली पुलिस द्वारा जारी परामर्श के अनुसार, किसी भी वाहन को मंडी हाउस, बंगाली मार्केट और अन्य प्रमुख चौराहों से आगे कनॉट प्लेस क्षेत्र में जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी. यह क्षेत्र केवल वैध पास वाले वाहनों के लिए खुला रहेगा जो कनॉट प्लेस के आंतरिक, मध्य या बाहरी सर्किल में प्रवेश कर सकेंगे.

कुछ क्षेत्रों में पार्किंग भी सीमित रहेगी, गोले डाकखाना, पटेल चौक और मंडी हाउस के पास पार्किंग के लिए विशिष्ट स्थान निर्धारित किए गए हैं, जो पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होंगे. ऐसे क्षेत्रों में पार्क किए गए अनधिकृत वाहनों को अधिकारियों द्वारा टोइंग और दंड का सामना करना पड़ेगा.

दिल्ली मेट्रो का समय

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने भी एक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें कहा गया है कि रात 9 बजे के बाद राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी. स्टेशन से आखिरी ट्रेन गुजरने तक प्रवेश खुला रहेगा. डीएमआरसी के बयान में कहा गया है, पुलिस अधिकारियों की सलाह के अनुसार, नए साल की पूर्व संध्या (31 दिसंबर, 2023) पर भीड़भाड़ को कम करने के लिए, रात 9 बजे के बाद राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी जाएगी. हालांकि, राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से आखिरी ट्रेन के प्रस्थान तक यात्रियों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी.

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए वैकल्पिक मार्ग सुझाए गए हैं, जैसे राम मनोहर लोहिया पार्क स्ट्रीट, मंदिर मार्ग और रानी झांसी रोड. लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा के लिए मेट्रो का इस्तेमाल करें. अधिकारियों ने यात्रियों को हजरत निजामुद्दीन और प्रगति मैदान के बीच भैरों रोड/मथुरा रोड से बचने की सलाह दी है, क्योंकि वे भीड़भाड़ में फंस सकते हैं.