टमाटर खाना ना करें बंद, NCCF ने कर दिया प्रबंध, 1 किलो के लिए देने होंगे मात्र इतने रुपये

NCCF Sell Tomatoes: आम आदमी इन दिनों टमाटर की बढ़ती कीमतों से खासा परेशान है. आम लोगों को राहत प्रदान करते हुए राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ (NCCF) ने दिल्ली एनसीआर के लोगों को सस्ती दरों पर टमाटर बेचने का फैसला किया है. NCCF कई स्थानों पर 60 रुपये प्रति किग्रा की दर से टमाटर बेचेगा.

Social Media
India Daily Live

NCCF Sell Tomatoes: टमाटर की कीमतें इन दिनों आसमान चूम रही हैं. बढ़ती कीमतों के कारण टमाटर आम लोगों की रसोई से दूर हो रहा है. इसका समाधान खोजने के लिए राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ (NCCF) ने बड़ी घोषणा की. NCCF ने शनिवार को दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में विभिन्न रणनीतिक स्थानों पर कम दरों पर टमाटर की बिक्री की घोषणा की. इस घोषणा की बदौलत दिल्ली एनसीआर के लोगों को सस्ती दरों पर टमाटर मिल सकेंगे. 

NCCF ने अपने बयान में कहा कि 29 जुलाई से कृषि भवन, सीजीओ कॉम्प्लेक्स, लोधी कॉलोनी, हौज खास हेड ऑफिस, संसद मार्ग, आईएनए मार्केट , मंडी हाउस, कैलाश कॉलोनी, आईटीओ, साउथ एक्सटेंशन, मोती नगर, द्वारका, नोएडा सेक्टर 14 और सेक्टर 76, रोहिणी और गुरुग्राम में टमाटर 60 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध होंगे. 

बाधित हुई टमाटर की आपूर्ति

रिपोर्ट के अनुसार, NCCF ने यह कदम टमाटर की कीमतों में हाल ही में हुई वृद्धि के जवाब में उठाया है. टमाटर की कीमतें पिछले हफ्ते दिल्ली एनसीआर के बाजारों में 100 रुपये प्रति किग्रा के स्तर तक पहुंच गई थीं. टमाटर की कीमतों में वृद्धि प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण हुई है. इससे पूरे देश में टमाटर की आपूर्ति बाधित हुई है.

क्या है कीमत बढ़ने की वजह?

उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा संकलित आंकड़ों के अनुसार, 20 जुलाई को दिल्ली में टमाटर की खुदरा कीमत 93 रुपये प्रति किलोग्राम थी, जबकि अखिल भारतीय औसत कीमत 73.76 रुपये प्रति किलोग्राम थी. विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि दिल्ली और कुछ अन्य शहरों में टमाटर, आलू और प्याज की कीमतें ऊंची हैं. अधिकारी ने अत्यधिक गर्मी और उसके बाद अत्यधिक वर्षा के कारण आपूर्ति बाधित होने को इसकी वजह बताया. 

सब्जियों की कीमतों में उछाल

अत्यधिक बारिश और भयंकर गर्मी के कारण अन्य सब्जियों की कीमतें भी बढ़ रही हैं.  पश्चिमी दिल्ली में मदर डेयरी स्टोर पर प्याज की कीमत 46.90 रुपये प्रति किलोग्राम और आलू की कीमत 41.90 रुपये प्रति किलोग्राम है.  सरकारी आंकड़ों से पता चलता है कि दिल्ली में प्याज की कीमत 50 रुपये प्रति किलोग्राम और आलू की कीमत 40 रुपये प्रति किलोग्राम है. वहीं, पूरे   भारत में प्याज की औसत कीमत 44.16 रुपये प्रति किलोग्राम और आलू की कीमत 37.22 रुपये प्रति किलोग्राम है.