Commonwealth Games 2026

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम डीबी पाटिल के नाम पर रखा जाएगा, सीएम देवेंद्र फडणवीस ने किया ऐलान

महाराष्ट्र सरकार ने नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम जननेता डी बी पाटिल के नाम पर रखने का ऐलान किया है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह हवाई अड्डा क्षेत्र के आर्थिक विकास और रोजगार सृजन में अहम भूमिका निभाएगा.

@Dev_Fadnavis x account
Km Jaya

मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घोषणा की है कि नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम जननेता दिवंगत डी बी पाटिल के नाम पर रखा जाएगा. उन्होंने कहा कि यह हवाई अड्डा नवी मुंबई और पूरे मुंबई महानगर क्षेत्र के आर्थिक विस्तार में अहम भूमिका निभाएगा. मुख्यमंत्री ने यह बयान नवी मुंबई नगर निगम चुनाव प्रचार के दौरान ऐरोली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए दिया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा न केवल हवाई संपर्क को मजबूत करेगा, बल्कि कई उद्योगों के विकास का माध्यम बनेगा. उन्होंने बताया कि फार्मास्युटिकल, इनोवेशन, फूड प्रोसेसिंग, सर्विस सेक्टर और आयात निर्यात जैसे क्षेत्रों को इस परियोजना से बड़ा लाभ मिलेगा. इससे नवी मुंबई की अर्थव्यवस्था को नया विस्तार मिलेगा और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे.

ट्रैफिक की समस्या पर क्या बोले?

फडणवीस ने नवी मुंबई को मुंबई का विस्तार बताते हुए कहा कि यह शहर आने वाले समय में आर्थिक विकास का अगला इंजन बनेगा. उन्होंने बताया कि ट्रैफिक की समस्या को कम करने के लिए कई बुनियादी ढांचा परियोजनाएं चल रही हैं. इनमें कलंबोली में नया जंक्शन और खारघर से तुर्भे तक बनने वाली टनल शामिल है. इसके अलावा सिडको द्वारा मेट्रो नेटवर्क का विकास किया जा रहा है, जिससे शहर के भीतर और आसपास के इलाकों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी.


मुख्यमंत्री ने आगे क्या कहा?

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि शिलार और पोशिर परियोजनाओं के जरिए नवी मुंबई की पेयजल जरूरतों को पूरा किया जाएगा. साथ ही उन्होंने नवी मुंबई में एक एडुसिटी डेवलप करने की योजना की घोषणा की, जहां देश और दुनिया के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय स्थापित किए जाएंगे. इससे स्थानीय छात्रों को उच्च शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे.

डी बी पाटिल कौन थे?

डी बी पाटिल का जन्म 1926 में रायगढ़ के जसई गांव में किसान परिवार में हुआ था. वे किसानों के अधिकारों के बड़े नेता रहे और कई आंदोलनों का नेतृत्व किया. उन्होंने पनवेल से विधायक और सांसद के रूप में काम किया. नवी मुंबई परियोजना में किसानों को जमीन और मुआवजा दिलाने में उनकी भूमिका ऐतिहासिक मानी जाती है.

कब हुआ था उद्घाटन?

नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा मुंबई महानगर क्षेत्र का दूसरा व्यावसायिक हवाई अड्डा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका उद्घाटन 8 अक्टूबर को किया था और 25 दिसंबर से यहां वाणिज्यिक उड़ानों की शुरुआत हुई. इस परियोजना को वर्ष 2007 में केंद्र सरकार की मंजूरी मिली थी, लेकिन भूमि अधिग्रहण की समस्याओं के कारण इसमें देरी हुई. फरवरी 2018 में लार्सन एंड टुब्रो द्वारा निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत की गई थी.

यह हवाई अड्डा नवी मुंबई के विकास में ऐतिहासिक भूमिका निभाने वाले डी बी पाटिल के संघर्ष और योगदान को सम्मान देने का प्रतीक माना जा रहा है.