तमिलनाडु में दिखी गंगा-जमुनी तहजीब की तस्वीर! दरगाह पहुंचे 100 से ज्यादा मुस्लिम, CRPF जवानों पर हिंदुओं ने बरसाए फूल

तमिलनाडु के मदुरै स्थित थिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर शनिवार को धार्मिक सौहार्द की तस्वीर देखने को मिली. 100 से ज्यादा मुस्लिम श्रद्धालु सिकंदर दरगाह में प्रार्थना करने पहुंचे.

@ANI X Account
Km Jaya

तमिलनाडु के मदुरै में शनिवार को धार्मिक सौहार्द की एक खास तस्वीर देखने को मिली. यहां एक तरफ 100 से ज्यादा मुस्लिम श्रद्धालु पहाड़ी पर स्थित दरगाह में नमाज और विशेष प्रार्थना के लिए पहुंचे, तो दूसरी तरफ स्थानीय हिंदू श्रद्धालुओं ने सुरक्षा संभालने पहुंचे CRPF जवानों का फूल बरसाकर स्वागत किया. यह नजारा थिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर देखने को मिला, जहां सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद कार्तिगई दीपम का पारंपरिक दीप जलाने की तैयारी की जा रही है.

दरअसल, थिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर अरुलमिगु सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर और हजरत सुल्तान सिकंदर बादुशा औलिया दरगाह दोनों स्थित हैं. पहाड़ी पर स्थित दीपथून नाम के पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है. इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 27 नवंबर को आदेश दिया कि 28 नवंबर को दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाया जाए. इसके बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई.


दरगाह एक सक्रिय सूफी धार्मिक स्थल और मस्जिद है. सुप्रीम कोर्ट ने भी अपने निर्देश में स्पष्ट किया है कि दरगाह और मस्जिद में इबादत करने आने वाले मुस्लिम श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए. अदालत ने CRPF को पूरे पहाड़ी क्षेत्र की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी है.

CRPF जवानों पर हिंदुओं ने बरसाए फूल

इसी बीच, पहाड़ी की सुरक्षा संभालने पहुंचे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों का स्थानीय लोगों और हिंदू श्रद्धालुओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया. समाचार एजेंसी ANI के वीडियो में लोग CRPF जवानों और उनके वाहनों पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाते दिखाई दिए. जवानों के स्वागत की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है.

रिपोर्ट के मुताबिक, CRPF की एक कंपनी रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों के साथ रात में ही मंदिर परिसर के पास पहुंच गई थी. इसके बाद पहाड़ी पर आने-जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा चौकियां बनाई गईं. तमिलनाडु पुलिस भी पहाड़ी के निचले हिस्से में तैनात है और श्रद्धालुओं की पहचान जांचने के साथ उनकी आवाजाही को नियंत्रित कर रही है.

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बढ़ी सुरक्षा

दीपथून पर दीप जलाने को लेकर विवाद के बीच सुप्रीम कोर्ट ने 28 नवंबर को दीप जलाने का निर्देश दिया. अदालत ने दीप जलाने की जगह दरगाह से कम से कम 50 मीटर दूर रखने और मंदिर के साथ दरगाह की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा. अदालत ने मंदिर के ट्रस्ट बोर्ड को भी निलंबित कर दिया और मंदिर प्रशासन की जिम्मेदारी दो पूर्व मद्रास हाईकोर्ट जजों की समिति को सौंप दी.

अदालत ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और अन्य अधिकारियों को अवमानना नोटिस भी जारी किए हैं. अधिकारियों को 15 दिसंबर को अदालत में पेश होकर यह बताना होगा कि उनके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए. मुख्य सचिव से अधिकारियों के बीच हुई बातचीत, फोन कॉल और बैठकों की जानकारी देने वाला हलफनामा भी मांगा गया है. 

10 दिसंबर को होगा दरगाह का सालाना उर्स

सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान दरगाह की ओर से पेश वकील ने बताया था कि यहां सामान्य दिनों में करीब 100 से 200 लोग आते हैं. साथ ही अदालत को जानकारी दी गई कि दरगाह का सालाना उर्स यानी संथानाकूडू उत्सव 10 दिसंबर को अलग से आयोजित किया जाएगा.