मुंबई ग्रीन ड्रम मर्डर केस: प्रेमी की हत्या करने के बाद शव ड्रम में भरकर नाले में फेंका, महिला समेत 2 गिरफ्तार, दो को तलाश रही पुलिस
मुंबई के वसई में 26 वर्षीय इंजीनियर अरबाज खान की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक प्रेमिका, उसके पति और साथियों ने मिलकर हत्या कर शव को ग्रीन ड्रम में भरकर नाले में फेंक दिया.
मेरठ का नीला ड्रम कांड लंबे समय तक चर्चा में रहने के बाद अब मुंबई का ग्रीन ड्रम चर्चा में है. मेरठ में मुस्कान ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतारने के बाद शव नीले ड्रम में छिपा दिया था, लेकिन मुंबई का ग्रीन ड्रम पति के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या कर शव छिपाए जाने को लेकर चर्चा में है. इंजीनियर अरबाज मकसूद अली खान की शादीशुदा प्रेमिका ने अपने पति और दो अन्य के साथ मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी. इसके बाद 26 साल के अरबाज का शव हरे रंग के ड्रम में भरकर सुनसान इलाके से बह रहे एक नाले में फेंक दिया.
प्यार के जाल में फंसाकर वसूलती थी रकम
अरबाज मकसूद अली खान मुंबई के मुंब्रा इलाके का रहने वाला था. वह डोंबिवली की एक रीयल एस्टेट कंपनी में काम करता था. पुलिस के मुताबिक उसकी पहचान वसई निवासी 25 वर्षीय मेहजबीं खातून एकरान शेख से 2021 में हुई थी. दोनों के बीच शुरू हुई बातचीत धीरे- धीरे प्रेम संबंधों में बदल गई. जांच में सामने आया कि मेहजबीं कथित तौर पर अरबाज से लगातार पैसे की डिमांड करती थी. वह लंबे समय तक मेहजबीं के खाते में रकम ट्रांसफर करता रहा.
हर माह पैसे भेजने बंद किए तो बढ़ गया तनाव
पुलिस का दावा है कि जब अरबाज ने हर महीने पैसे भेजना बंद कर दिया तो संबंधों में तनाव बढ़ गया और अंजाम अरबाज की हत्या तक जा पहुंचा. पुलिस के मुताबिक 3 अप्रैल को अरबाज कंपनी के काम से कैश लेने दादर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा. इसके बाद उसके पिता ने मुंब्रा पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी दर्ज कराई. जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन खंगाली, जिसमें अरबाज की लोकेशन आरोपी महिला के साथ बसई में पाई गई.
Also Read
हत्या से एक दिन पहले भी भेजे थे 50 हजार
जांच में सामने आया कि गायब होने से एक दिन पहले अरबाज ने आरोपी महिला के खाते में 50 हजार रुपये ट्रांसफर किए थे. शुरूआती पूछताछ में महिला ने मामले से अनजान होने की बात कही लेकिन बाद में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस के मुताबिक महिला ने अरबाज को वसई के भोईदापाड़ा स्थित घर बुलाया था और वहां उसके पति हसन शेख, भाई तारिक शेख, और एक अन्य साथी मोज्जम पठान ने मिलकर अरबाज के हाथ- पैर बांध दिए और पिर बेहरमी से पीटा. हमले में सिर पर गंभीर चोट आने से उसकी मौत हो गई.
हरे ड्रम में भरकर नाले में फेंका शव
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को एक हरे रंग के ड्रम में भरकर वालिव थानाक्षेत्र में एक सुनसान नाले में फेंक दिया. पुलिस ने 7 मई को आरोपी मेहजबीं और उसके भाई तारिक शेख को गिरफ्तार कर लिया. वहीं महिला का पति हसन शेख और उसका साथी मोज्जम पठान अभी फरार हैं. पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है.