menu-icon
India Daily

मुंबई लोकल में मामूली विवाद बना जानलेवा, दरवाजा बंद करने की बहस में युवक की हत्या

मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में एक दिल दहला देने वाली घटना ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक छोटे विवाद में एक शख्स ने युवकी जान ले ली.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
मुंबई लोकल में मामूली विवाद बना जानलेवा, दरवाजा बंद करने की बहस में युवक की हत्या
Courtesy: X (@lehrilalswm_25)

मुंबई: मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में एक दिल दहला देने वाली घटना ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. बारिश के दौरान ट्रेन का दरवाजा बंद करने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ गई. घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल है और आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है.

यह घटना मंगलवार देर रात मुंबई लोकल के फर्स्ट क्लास कोच में हुई. जानकारी के अनुसार, विरार निवासी मयंक रमेश लोहार अपने काम से लौट रहे थे. यात्रा के दौरान भारी बारिश के कारण उन्होंने एक अन्य यात्री से ट्रेन का दरवाजा बंद करने का आग्रह किया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक रूप ले बैठी.

बहस के बाद हुआ घातक हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपने पास मौजूद धारदार हथियार निकाल लिया और मयंक पर हमला कर दिया. हमला इतना गंभीर था कि मयंक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद कोच में अफरा-तफरी मच गई और यात्री भयभीत हो गए.

आरोपी हुआ फरार

घटना के बाद आरोपी ट्रेन से उतरकर स्टेशन से बाहर निकल गया. इस दौरान कुछ यात्रियों ने उसे पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन उसने उन्हें भी धमकाया. स्टेशन परिसर में लगे CCTV कैमरों में आरोपी की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं. पुलिस इन फुटेज के आधार पर उसकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है.

सेल्समैन के तौर पर काम करता था मयंक

मृतक मयंक लोहार अंधेरी स्थित एक निजी स्टोर में सेल्समैन के रूप में कार्यरत थे. रोजाना की तरह वह चर्चगेट से विरार लौट रहे थे. परिवार और परिचितों के अनुसार, वह मेहनती और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे. उनकी अचानक हुई मौत से परिवार गहरे सदमे में है.

जीआरपी ने शुरू की जांच

बोरीवली जीआरपी ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए कई टीमों को लगाया गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.