Mann Ki Baat: इतिहास से नशामुक्ति तक, पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में इन मुद्दों पर खींचा देश का ध्यान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड में इतिहास, युवाओं, नशामुक्ति, तिरंगा, किसानों और स्थानीय उत्पादों समेत कई अहम विषयों पर बात की.

Pinterest
Reepu Kumari

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड के जरिए देशवासियों से संवाद किया. सुबह 11 बजे प्रसारित हुए कार्यक्रम में उन्होंने समाज और देश से जुड़े कई विषयों पर अपनी बात रखी. इस दौरान युवाओं की भूमिका, नशामुक्ति अभियान, देशभक्ति, इतिहास, किसानों की मेहनत और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे मुद्दे प्रमुख रहे. पीएम मोदी ने अलग अलग उदाहरणों के जरिए लोगों की भागीदारी और देश के विकास में उनके योगदान को सामने रखा.

श्रोताओं में खास दिलचस्पी

हर महीने प्रसारित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर श्रोताओं में खास दिलचस्पी रहती है. इस बार भी प्रधानमंत्री ने अलग अलग क्षेत्रों से जुड़े लोगों और पहलों का उल्लेख किया. उन्होंने एक ओर युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर भारतीय किसानों की नई कोशिशों की सराहना की. इसके अलावा अगस्त में देशभक्ति के माहौल, ‘सूर्यपथ तिरंगा’ यात्रा और स्थानीय उत्पादों को अपनाने की जरूरत पर भी प्रधानमंत्री ने विस्तार से बात की.

इतिहास से जुड़ी जानकारी और शेषाद्रि के काम का जिक्र

कार्यक्रम में पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर सामने आई एक पोस्ट का उल्लेख किया. इसमें एक वेबसाइट के जरिए अलग अलग वर्षों में भारत के विभिन्न हिस्सों पर शासन करने वाले शासकों की जानकारी हासिल करने की बात कही गई थी. प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें श्रीमन कृष्ण शेषाद्रि के काम भी काफी रोचक लगे. इस उदाहरण के जरिए उन्होंने इतिहास को समझने और उससे जुड़ी जानकारियों को जानने की दिलचस्पी का जिक्र किया.


युवाओं को नशे से दूर रखने पर दिया जोर

प्रधानमंत्री ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि यह अभियान देशभर में तेजी से आगे बढ़ रहा है और बड़ी संख्या में युवा इससे जुड़ रहे हैं. पीएम मोदी ने नशामुक्ति को युवाओं के स्वास्थ्य, खुशी और उज्ज्वल भविष्य से जोड़ा. उनका संदेश था कि विकसित भारत के संकल्प के लिए देश की युवा शक्ति का स्वस्थ और मजबूत रहना बेहद जरूरी है.

तिरंगे के जरिए दुनिया तक पहुंची देशभक्ति की भावना

पीएम मोदी ने अगस्त महीने में देशभर में दिखाई देने वाली देशभक्ति की भावना का जिक्र किया. उन्होंने ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को इस भावना को मजबूत करने वाला बताया. प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार 8 करोड़ से अधिक तिरंगा सेल्फी अपलोड की गईं. उन्होंने ‘सूर्यपथ तिरंगा’ यात्रा का भी उल्लेख किया और बताया कि फिजी के सुवा में सूरज की पहली किरण के साथ तिरंगा फहराया गया.

किसान की पहल से एवोकाडो की खेती बनी चर्चा का विषय

प्रधानमंत्री ने एवोकाडो की खेती से जुड़े एक किसान का उदाहरण भी साझा किया. उन्होंने बताया कि आंध्र प्रदेश के एक किसान ने YouTube से जानकारी लेकर इसकी खेती शुरू की और करीब चार टन उत्पादन हासिल किया. पीएम मोदी ने कहा कि देश में ऐसे कई किसान हैं, जिन्होंने एवोकाडो की खेती से अच्छी कमाई की है. शहरों के रेस्तरां में इसकी बढ़ती मांग के कारण भारतीय एवोकाडो से तैयार व्यंजन भी लोगों के बीच लोकप्रिय हो रहे हैं.

महानायक उत्तम कुमार को किया याद

‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने बंगाली सिनेमा के महान अभिनेता उत्तम कुमार को श्रद्धांजलि भी अर्पित की. उत्तम कुमार को बंगाली फिल्मों में ‘महानायक’ के रूप में पहचान मिली थी. उन्होंने ‘दृष्टिदान’, ‘चिरियाखाना’, ‘गृहदाह’ और ‘एंटनी फिरिंगी’ जैसी फिल्मों में काम किया. 3 सितंबर 1926 को जन्मे उत्तम कुमार का 24 जुलाई 1980 को 53 वर्ष की उम्र में निधन हुआ था. उन्हें सिनेमा में योगदान के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला था.

त्योहारों के बीच स्थानीय सामान खरीदने की अपील

प्रधानमंत्री ने जन्माष्टमी, विश्वकर्मा पूजा और दिवाली जैसे त्योहारों का जिक्र करते हुए ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को आगे बढ़ाने की अपील की. उन्होंने स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों और छोटे कारोबारियों से सामान खरीदने पर जोर दिया. पीएम मोदी ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को अपनाने से इन लोगों की मेहनत को प्रोत्साहन मिलेगा और भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मदद मिलेगी. त्योहारों के दौरान खरीदारी को उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था से भी जोड़ा.

बेंगलुरु की टी.एस. निंगम्मा की पहल का पीएम मोदी ने किया जिक्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड में बेंगलुरु की टी.एस. निंगम्मा की प्रेरणादायक कहानी साझा की. पीएम मोदी ने बताया कि निंगम्मा ने अपने पति के साथ मिलकर इडली और डोसा का छोटा कारोबार शुरू किया था. कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए उन्हें पूंजी की जरूरत थी. ऐसे समय में उन्हें PM SVANidhi योजना से मदद मिली, जिससे उनके छोटे व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सहारा मिला.