फिर स्कूल में पहुंचे मनीष सिसोदिया, बच्चों से बंधवाई राखी, पढ़िए पूर्व शिक्षा मंत्री ने क्या-क्या कहा
Manish Sisodia: दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को दिल्ली के सरकारी स्कूल के बच्चों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने अपनी कलाई पर बच्चों से राखी भी बंधवाई. बच्चों से मुलाकात करने के बाद उन्होंने बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने मुझे जेल भेज दिया फिर वह दिल्ली में शिक्षा की क्रांति को रोक नहीं पाए.
Manish Sisodia: दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री रहे मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र के सरकारी स्कूल में पहुंचकर बच्चों से मुलाकात की. उन्होंने बच्चियों से राखी भी बंधवाई. 10 अगस्त को शराब नीति केस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जमानत दी थी. उसी दिन शाम को वह जेल से रिहा हुए थे. सिसोदिया वह घूम-घूम कर पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं.
सरकारी स्कूलों के बच्चों से मुलाकात कर और राखी बंधवाने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मनीष सिसोदिया ने कहा कि 17 महीने जेल में रहने के दौरान उन्होंने सबसे ज्यादा स्कूल और बच्चों को मिस किया.
"न बच्चों से मिल पा रहा था न ही सपने को पूरा कर पा रहा था"
सरकारी स्कूल में जाकर बच्चों से मुलाकात करने के बाद मनीष सिसोदिया ने कहा- जेल में रहने के दौरान मैं अपने उस सपने को पूरा नहीं कर पा रहा था और न ही बच्चों से मुलाकात कर पा रहा था. मैं जेल में सोचा करता था कि बच्चे तो भगवान का रूप होते हैं. इसमें इन प्यारे बच्चों का क्या कसूर है. और कुदरत का करिश्मा देखिए कि आज मैं अपने भगवान से मिलने आया हूं. मुझे इन मासूमों से मिलकर बहुत अच्छा लगा.
मनीष सिसोदिया ने गिनाई आर्म्ड स्कूल की उपलब्धि
दिल्ली सरकार द्वारा खोले गए सशस्त्र सेना तैयारी स्कूल (Armed Forces Preparatory School) के पहले बैच से 32 बच्चों को एनडीए में सिलेक्शन होने पर पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने खुशी व्यक्त की. उन्होंने कहा कि NDA के लिए जो 32 बच्चे क्वालीफाई हुए हैं उनमें से 8 बच्चे सेकेंड लेफ्टिनेंट बन रहे हैं. इस तरह की व्यवस्था शायद ही देश के किसी अन्य स्कूल में शुरू हुई होगी.