आजादी के दिन युवक ने तिंरगे की जगह फहरा दिया फिलिस्तीन का झंडा, गलती ऐसी कि पीछे पड़ गई पुलिस
Bhopal News: भोपाल में एक दुकानदार ने आजादी के दिन अपनी दुकान पर फिलिस्तीन का झंडा फहरा दिया. झंडा फहराने की सूचना जैसे ही पुलिस को मिली वह घटनास्थल पर पहुंच गई. पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ कर रही है. पुलिस का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने के आरोप में उस पर मुकदमा दर्ज किया गया है.
Bhopal News: एक युवक को आजादी के दिन जहां तिरंगे को फहराना था उसने फिलिस्तीन का झंडा फहरा दिया. पुलिस को जैसे ही इस बात की खबर मिली, युवक को गिरफ्तार कर लिया. यह मामला मध्य प्रदेश का बताया जा रहा है. यहां के एक युवक ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपनी टेलरिंग की दुकान के बाहर फिलिस्तीन का झंडा फहरा दिया. फिलिस्तीन का झंडा फहराने के आरोप में पुलिस ने युवक को अरेस्ट कर लिया. युवक की उम्र 40 साल बताई जा रही है. एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी है.
गौतम नगर पुलिस थाने के निरीक्षक नरेंद्र सिंह ठाकुर ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि हनीफ खान को पीजीबीटी रोड पर गीतांजलि गर्ल्स कॉलेज के पास अपनी दुकान के बाहर फिलिस्तीनी झंडा फहराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. उसे सहायक पुलिस आयुक्त के समक्ष पेश किया गया. जिन्होंने उसे शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. खान पर राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण अधिनियम 1971 की धारा 2 (राष्ट्रीय ध्वज का अपमान) के तहत आरोप लगाया गया है.
पुलिस ने क्या कहा?
स्थानीय पार्षद देवेन्द्र भार्गव सहित स्थानीय भाजपा और आरएसएस नेताओं द्वारा कार्रवाई की मांग करने के बाद पुलिस खान की टेलरिंग दुकान पर पहुंची थी. पुलिस ने बताया कि उसने अपनी दुकान को केसरिया, सफेद और हरे रंग के गुब्बारों और फूलों से सजाया था लेकिन तिरंगे के साथ फिलिस्तीन का झंडा भी लगा रखा था. हालांकि पुलिस ने बताया कि फिलिस्तीन का झंडा बाद में हटा दिया गया.
पूछताछ कर रही पुलिस
स्टेशन हाउस ऑफिसर ने कहा कि हम हनीफ से पूछताछ कर रहे हैं. हमने उससे पूछा है कि किसके निर्देश पर उसने फिलिस्तीन का झंडा फहराया. इससे पहले भी कई मौकों पर फिलिस्तीन के झंडे फहराए गए हैं. हम इस मामले की जांच कर रहे हैं. फिलिस्तीन पश्चिम एशिया के दक्षिणी लेवेंट क्षेत्र में स्थित एक देश है. इस देश की अधिकांश सीमाएं इजरायल के साथ साझा होती हैं.